गोरखपुर चिडिय़ाघर में सादे ड्रेस में पुलिस तैनात, महिला पुलिस भी शामिल
चिडिय़ाघर खुलने के बाद से ही वन्यजीवों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों आने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच कुछ अराजक तत्वों के वन्यजीवों को छेडऩे के लिए पत्थर मारने और शोर मचाने की शिकायतें भी मिल रही हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। चिडिय़ाघर में उत्पात मचाने और वन्यजीवों को छेडऩे पर हवालात की हवा खानी पड़ सकती है। इसके लिए परिसर में पुलिस वाले तैनात किए गए हैं। मुख्य गेट, टिकट खिड़की और परिसर के अंदर सादे कपड़ों में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी हर समय मौजूद रहेंगे और वन सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर वे चिडिय़ाघर में आने वालों पर नजर रखेंगे। परिसर में उत्पात मचाने और वन्यजीवों को छेडऩे वालों के विरुद्ध पुलिसकर्मी कार्रवाई भी करेंगे।
वन्यजीवों को छेडऩे पर होगी जेल
चिडिय़ाघर खुलने के बाद से ही वन्यजीवों को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों आने का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच कुछ अराजक तत्वों के वन्यजीवों को छेडऩे के लिए पत्थर मारने और शोर मचाने की शिकायतें भी मिल रही हैं। दो दिन पहले चिडिय़ाघर के कर्मचारियों बब्बर शेर को पत्थर मारते कुछ युवकों पकड़ा भी था। बुधवार को भी चिडिय़ाघर के मुख्य गेट पर अराजक तत्वों ने काफ उत्पात मचाया था। इस दौरान अफरा-तफरी में गार्ड की दो नाली बंदूक गिरकर दग गई थी। गोली लगने से गार्ड घायल भी हो गया था। बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और अराजक तत्वों पर काबू पाने के लिए चिडिय़ाघर प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों से मदद मांगी थी।
चिडिय़ाघर प्रशासन के अनुरोध के बाद एसएसपी के आदेश से दो उप निरीक्षकों और बड़ी संख्या में सिपाहियों को चिडिय़ाघर में तैनात किया गया है। इसमें महिला सिपाही भी शामिल हैं। सभी पुलिसकर्मी चिडिय़ाघर खुलने से लेकर बंद होने तक सादे कपड़ों में परिसर में मौजूद रहेंगे। परिसर में घूमने आने वालों की भीड़ में शामिल होकर वे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। साथ ही सुरक्षा में तैनात वन सुरक्षाकर्मियों साथ मिलकर उत्पात करने वालों को काबू करेंगे और आवश्यक होने पर उन्हें स्थानीय पुलिस के हवाले भी करेंगे।
काले हिरण के स्टैचू की तोड़ी सींग
चिडिय़ाघर में हर बाड़े के सामने उसमें रखे गए वन्यजीव का स्टैचू लगाया गया है। यहां आने वाले अधिकतर पर्यटक स्टैचू के आसपास खड़े होकर सेल्फी लेना नहीं भूलते। कुछ युवक बुधवार को काले हिरण के स्टैचू के ऊपर चढ़कर सेल्फी ले रहे थे। इस दौरान उन्होंने स्टैचू की सींग तोड़ दी। चिडिय़ाघर के सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचते, इससे पहले ही वे युवक भीड़ में शामिल होकर गायब हो गए।
पत्थर फेंकने से नाराज तेंदुए ने जाली पर लगाई छलांग
बुधवार की शाम को तेंदुए को देख रहे कुछ युवकों ने उस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इससे नाराज होकर तेंदुए ने बाड़े की जाली पर छलांग लगा दिया। जिससे वह चुटहिल भी हो गया है। जू कीपर ने किसी तरह से उसको शांत किया। गुरुवार को सुबह भी दर्शकों के शोर मचाने पर तेंदुए ने जाली पर छलांग कर काफी ऊपर तक चढ़ गया था। हालांकि कुछ देर बाद ही वह खुद ही नीचे उतर गया।