प्रधानाध्यापिका हत्याकांड में पुलिस ने एक संदिग्ध को उठाया Gorakhpur News
प्रधानाध्यापिका निवेदिता उर्फ डेविना की गोली मारकर हत्या और बेटी को घायल करने के मामले में पुलिस अब तक 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल एक युवक की पहचान हो गई। एक संदिग्ध को पकड़ भी लिया गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। प्रधानाध्यापिका निवेदिता उर्फ डेविना की गोली मारकर हत्या और बेटी को घायल करने वाले बदमाश के बारे में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। घटना में तिवारीपुर क्षेत्र के रहने वाले बदमाश के शामिल होने का सुराग मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। अस्पताल में भर्ती निवेदिता की बेटी डेल्सिया का बयान लेने पुलिस की एक टीम लखनऊ गई है। उसकी हालत में सुधार है। इस प्रकरण में पुलिस अब तक 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल एक युवक की पहचान हो गई। एक संदिग्ध को पकड़ भी लिया गया है।
तिवारीपुर के बदमाश की तलाश में जुटी पुलिस
शाहपुर पुलिस ने शनिवार को पूर्व पार्षद के भाई व हिरासत में लिए गए एक युवक को छोड़ दिया। तीन दिन से उससे पूछताछ चल रही थी। पूर्व पार्षद के भाई ने निवेदिता से 2.40 लाख रुपये उधार लिए थे। पुलिस को उन्होंने दो लाख रुपये लौटाने का प्रमाण दिया। कॉल डिटेल को खंगालने के बाद हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ में भी कोई जानकारी नहीं मिली। तिवारीपुर के रहने वाले बदमाश के शामिल होने की बात सामने आने पर पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश में जुटी है। संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। डेल्सिया ने पुलिस को बताया कि गोली मारने वाले बदमाश सामने से आए थे। राजीवनगर कॉलोनी में मोड़ पर घेरने के बाद गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस को उसने बदमाशों का हुलिया भी बताया।
यह है मामला
20 सितंबर को बदमाशों ने शाहपुर क्षेत्र में प्रधानाध्यापिका निवेदिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी और उनकी बेटी डेल्सिया घायल हो गई थी। उसका लखनऊ में उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में पति मनीष मेजर की तहरीर पर तीन नामजद समेत पांच के खिलाफ लूट की कोशिश के लिए हत्या किए जाने का केस दर्ज कर जांच कर रही है। तभी से पुलिस 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। अंतिम तौर पर पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।