देवरिया से डकैती के आरोपित को लेकर गोरखपुर पहुंची पुलिस, घरवालों से जानी हकीकत Gorakhpur News
महेंद्र के आरोप पर देवरिया की लार थाना पुलिस उसे पूछताछ के लिए उसके गांव नई बाजार लेकर आई। गांव जाने पर महेंद्र के भाई रविंद्र गौड़ ने बताया कि उसका भाई झूठ बोल रहा है। उसने बताया कि वह गौड़ जाति से हैं।
गोरखपुर, जेएनएन। गगहा थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर डकैती डालने वाले एक आरोपित को देवरिया पुलिस पूछताछ के लिए उसे उसके गांव झंगहा थाना क्षेत्र नई बाजार लेकर आई। आरोपित महेंद्र यादव ने अपने भाई पर आरोप लगाया था कि डकैती की घटना में वह भी उसके साथ था। यह भी आरोप लगाया कि उसका भाई अब उसकी संपत्ति पर कब्जा कर रहा है।
महेंद्र के आरोप पर देवरिया की लार थाना पुलिस उसे पूछताछ के लिए उसके गांव नई बाजार लेकर आई। गांव जाने पर महेंद्र के भाई रविंद्र गौड़ ने बताया कि उसका भाई झूठ बोल रहा है। उसने बताया कि वह गौड़ जाति से हैं, लेकिन उसका भाई खुद को यादव जाति से बताता है। रविंद्र के साथ उसके गांव के लोगों ने पुलिस को बताया कि महेंद्र पिछले 14 वर्षों से गांव आया ही नहीं है। उसके विषय में तो अखबारों के विषय से जानकारी मिली थी कि उसने डाका डाला था। रविंद्र ने यह भी कहा कि महेंद्र के करतूतों से उसके पिता रामनक्षत्र को सदमा लगा और उनकी मौत हो गई थी।
दूसरे हत्यारोपित को भी पुलिस ने भेजा जेल
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बारी में हुई बालेंद्र सिंह की हत्या के आरोप में पुलिस ने दूसरे आरोपित व उसी गांव के निवासी उमेश सिंह को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। बालेंद्र के छोटे भाई सोनू सिंह को पुलिस ने दो दिन पूर्व ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। बेची गई पैतृक संपत्ति में मिले रुपये के बंटवारे को लेकर सोनू ने उमेश के साथ मिलकर अपने बड़े भाई बालेंद्र की हत्या कर दी थी। उमेश ने शुरुआत में बताया कि हत्या उसने अकेले की है। बाद में छानबीन में पता चला कि सोनू ने गांव के ही उमेश के साथ मिलकर बालेंद्र की हत्या की है। दोपहर एक बजे पुलिस को जानकारी मिली कि उमेश महदेवा बाजार में है। पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।