गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर बिना मास्क लगाए पहुंचे प्रत्येक यात्रियों पर लगा जुर्माना Gorakhpur News
स्टेशन डायरेक्टर आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में पहले दिन ही दोपहर 12 बजे तक बिना मास्क पहने स्टेशन पर घूमते हुए दस लोगों को पकड़ा गया। शुरुआत में यात्रियों पर 100-100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान देर शाम तक चलेगी।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस के लगातार तेजी के साथ बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने स्टेशन और ट्रेनों में सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार से बिना मास्क पहनने वाले यात्रियों के खिलाफ गोरखपुर जंक्शन पर सघन संयुक्त जांच अभियान शुरू कर दिया गया। स्टेशन डायरेक्टर आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में पहले दिन ही दोपहर 12 बजे तक बिना मास्क पहने स्टेशन पर घूमते हुए दस लोगों को पकड़ा गया। शुरुआत में यात्रियों पर 100-100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान देर शाम तक चलेगी। इसके बाद भी यात्री नहीं माने तो 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
जारी रहेगा जागरूकता और जांच अभियान
स्टेशन डायरेक्टर के अनुसार जुर्माना लेने के साथ लोगों को कोविड-19 प्रोटोकाल के प्रति जागरूक भी किया गया। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए यह अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार सघन जांच अभियान में वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के जवान भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। बिना मास्क के पकड़े जाने पर 100 से लगायत 500 रुपये का जुर्माना वसूले जाने का निर्णय लिया गया है। कार्रवाई के दौरान लोगों को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
इस तरह से किया जा रहा जागरूक
गोरखपुर सहित सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर एनाउंस सिस्टम (घोषणा प्रणाली) के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया (पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकृत ट्वीटर, फेसबुक, कू, इंस्टाग्राम आदि) के जरिये भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल्द ही इसको लेकर पूर्वोत्तर रेलवे स्तर पर वर्चुअल कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी।
स्पेशल ट्रेनों में लगाए जा रहे सिर्फ आरक्षित कोच, कंफर्म टिकट पर ही यात्रा
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए ट्रेनों में सिर्फ आरक्षित कोच ही लगाए जा रहे हैं। सिर्फ कंफर्म टिकट पर ही यात्रा की अनुमति दी जा रही है। कोविड-19 का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है।