चुनाव के लिए अर्धसैनिक बल ने डेरा डाला, पीएसी, होमगार्ड और पुलिस के जवान भी रहेंगे तैनात
पंचायत चुनाव के लिए गोरखपुर को तीन कंपनी दो प्लाटून पीएसी मिल रही है। यूपी पुलिस के 257 प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षी 6295 होमगार्ड 50 पीआरडी जवानों की भी डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा जिले के लगभग चार हजार पुलिसकर्मियों को भी चुनाव में लगाया गया है।
गोरखपुर, जेएनएन। पंचायत चुनाव के लिए जिले को एक कंपनी एसएसबी-एक कंपनी सीआरपीएफ जवान मिले हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी जवान पुलिस कर्मियों के साथ संयुक्त गश्त कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का आभास भी करा रहे हैं।
एसएसपी ने बताया कि चुनाव के लिए जिले को तीन कंपनी, दो प्लाटून पीएसी मिल रही है। यूपी पुलिस के 257 प्रशिक्षणरत रिक्रूट आरक्षी, 6295 होमगार्ड, 50 पीआरडी जवानों की भी डयूटी लगाई गई है। इसके अलावा जिले के लगभग चार हजार पुलिसकर्मियों को भी चुनाव में लगाया गया है।
150 हिस्ट्रीशीटरों को पुलिस ने जारी किया रेड कार्ड
जिले में कुल 1483 हिस्ट्रीशीटर हैं। इनमें से एक हिस्ट्रीशीटर जिला बदर व 106 जेल में हैं। पुलिस सभी हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग करा चुकी है। पुलिस ने जिले के करीब 150 हिस्ट्रीशीटरों को रेड कार्ड जारी किया है। पुलिस को आशंका है कि यह पंचायत चुनाव के दौरान अशांति फैला सकते हैं। रेड कार्ड के जरिये पुलिस ने उन्हें चेतावनी दिया है कि किसी ने अशांति फैलाने की कोशिश की तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
सरदारनगर ब्लाक में शशिकला, गगहा में अमित कुमार सिंह बने निर्विरोध बीडीसी
सरदारनगर ब्लाक में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख शशिकला यादव पत्नी मनोज यादव को वार्ड नंबर दो से निर्विरोध बीडीसी सदस्य चुना गया है। इसी तरह गगहा ब्लाक के वार्ड नंबर 12 से अमित कुमार ङ्क्षसह भी निर्विरोध बीडीसी सदस्य बने हैं। दोनों सदस्यों द्वारा उनके ब्लाकों में ब्लाक प्रमुख पद का दावेदार बनने की संभावना है। इसी तरह पिपराइच ब्लाक में वार्ड संख्या एक से सुखदेव जायसवाल, वार्ड संख्या 57 से जनार्दन जायसवाल एवं वार्ड संख्या 82 से मारकंडेय यादव निर्विरोध बीडीसी बने हैं।