Move to Jagran APP

गोरखपुर में रिटायर्ड दारोगा सहित दो घरों से दस लाख की लूट Gorakhpur News

गोरखपुर में बदमाशों ने दो घरों में जमकर लूटपाट की। पहली घटना में गीडा थाना में रिटायर्ड दारोगा के घर में कट्टे की नोक पर तीन वर्षीय मासूम व उनकी बहू को बंधक बनाकर नकदी जेवरात लूटे। इसके अलावा एक कानूनगो के घर को निशाना बनाया है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Thu, 31 Dec 2020 11:58 AM (IST)Updated: Thu, 31 Dec 2020 08:58 PM (IST)
गोरखपुर में रिटायर्ड दारोगा सहित दो घरों से दस लाख की लूट Gorakhpur News
गोरखपुर में बदमाशों ने दो घरों से दस लाख की लूट हुई। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर के गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम बनगांवा में बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। रिटायर्ड दारोगा के घर में कट्टे की नोक पर तीन वर्षीय मासूम व उनकी बहू को बंधक बनाकर नकदी, जेवरात लूटे। इसके अलावा एक कानूनगो के घर को निशाना बनाया है। दोनों घरों से बदमाशों ने करीब 10 लाख रुपये लूटे हैं। एक घर में चोरी का प्रयास किया है।

loksabha election banner

रात को असलहा लेकर पहुंचे बदमाश

बनगांवा में रिटायर्ड दारोगा परमात्मा सिंह के घर पर रात करीब साढ़े 12 बजे असलहाधारी बदमाश छत के रास्ते भीतर घुस गए। एक कमरे में परमात्मा व उनकी पत्नी सोई हुई थीं तो दूसरे कमरे में उनकी बहू माधुरी पत्नी विजय सिंह बच्चों के साथ सो रही थीं। बदमाशों ने दोनों कमरों को बाहर से बंद कर दिया। इसके अलावा तीन कमरों में कोई नहीं था। बदमाशों ने  यहां से जमकर लूटपाट की। बाद में उन्होंने माधुरी के कमरे का दरवाजा खटखटाया। माधुरी की दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उन्हें असलहा सटा दिया। इस दौरान उनका तीन वर्ष बच्चा जग गया तो बदमाशों उसे भी डरा धमकाकर चुप करा दिया। माधुरी से आलमारी की चाभी लेकर बदमाशों ने लूटपाट की। बदमाशों ने यहां से करधन, कनफूल, हार, माला, मंगलसूत्र सहित करीब छह लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ किया है। परमात्मा सिंह ने बताया कि घर में बदमाशों का आभास होने पर उन्होंने भीतर से आवाज लगाई तो वह भाग खड़े हुए।

यहां भी की लूटपाट

बदमाशों ने यहां थोड़ी दूरी पर ग्रामवासी व कानूनगो अमित सिंह पुत्र अशोक सिंह के घर पर भी बड़े पैमाने पर लूटपाट की और फरार हो गए। अमित के मुताबिक उनके यहां भी बदमाशों ने बाहर की तरफ से कमरे के दरवाजे को बंदकरके लूटपाट की और फरार हो गए। उनके यहां से हार, मंगल सूत्र अंगूठी 12, चूड़ी 2 जोड़ी व 15 हजार नकद सहित करीब चार लाख की संपत्ति पर हाथ साफ करके फरार हो गए। इसी गांव में अखिलेश पुत्र प्रेम के यहां भी बदमाशों ने बाहर की तरफ से दरवाजा बंद करके चोरी का प्रयास किया, लेकिन जगहट होने के कारण उन्हें वहां से भागना पड़ा। गीडा पुलिस अमित सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। प्रभारी निरीक्षक गीडा सुनील कुमार राय ने बताया कि यह डकैती नहीं चोरी का मामला है।

बदमाशों की संख्या को लेकर संशय

बदमाशों की संख्या को लेकर संशय की स्थिति है। माधुरी के अलावा किसी ने भी बदमाशों को देखा नहीं है। माधुरी ने बताया कि वह सिर्फ दो ही बदमाशों को देख सकी। दोनों चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। इसमें से एक ने हाथ पैंट पहन रखी थी। उसका कहना है कि अन्य बदमाश बाहर की तरफ रहे होंगे, लेकिन वह देख नहीं सकी। जबकि परमात्मा सिंह का कहना है कि बदमाश करीब 6 से 7 की संख्या में रहे होंगे।

जालसाजों ने खाते से 49 हजार निकाले

सहजनवां क्षेत्र के डोमहर निवासी कौशलेंद्र सिंह के खाते से जालसाजों ने 49 हजार रुपये निकाले लिए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कौशलेंद्र सिंह का खाता सहजनवां स्थित आइसीआइसीआइ बैंक में है। उनके मुताबिक मंगलवार की शाम को उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन रिसीव करने पर दूसरी तरफ से बोलने वाले की आवाज स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। कुछ देर बाद खाते से 49 हजार रुपये निकल जाने की मोबाइल फोन पर सूचना आई। इसकी जानकारी बैंक प्रबंधक को देकर उन्होंने अपने खाते से निकासी पर रोक लगवाया। सहजनवां थानेदार संतोष कुमार यादव ने बताया कि स्थानीय पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। पीडि़त को साइबर थाने में शिकायत करने की सलाह दी गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.