अब यूपी-बिहार के बीच निर्धारित रूटों पर ही चलेंगी प्राइवेट बसें
गोरखपुर से रोडवेज की यूपी-बिहार बस सेवा शुरू तो नहीं हो सकी। लेकिन शासन ने पूर्वांचल से प्राइवेट बस सेवा शुरू करने के लिए रास्ता साफ कर दिया है। आपसी समझौता के बाद शासन ने प्राइवेट बसों के लिए रूट निर्धारित कर दिया है।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर से रोडवेज की यूपी-बिहार बस सेवा शुरू तो नहीं हो सकी। लेकिन शासन ने पूर्वांचल से प्राइवेट बस सेवा शुरू करने के लिए रास्ता साफ कर दिया है। आपसी समझौता के बाद शासन ने प्राइवेट बसों के लिए रूट निर्धारित कर दिया है।
चलाई जाएंगी 54 बसें
नई व्यवस्था के तहत कुल सात रूट (सड़क मार्ग) निर्धारित किए गए हैं। जिनपर कुल 54 बसें चलाई जाएंगी। इन रूटों पर चलने वाली बसों का परमिट जारी किया जाएगा। परमिट वाली बसें ही चलने के लिए अधिकृत होंगी। परमिट परिवहन विभाग जारी करेगा। बस को संचालित करने के इच्छुक व्यक्ति 20 दिसंबर तक परिवहन विभाग के कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। परमिट शुल्क 7500 रुपये निर्धारित है। इस संबंध में राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव ने दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
इन रूटों पर चलेंगी प्राइवेट बसें
- गोरखपुर-कप्तानगंज-छितौनीघाट-बंगहा- 12 बसें
- बरहज-सलेमपुर-प्रतापपुर फैक्ट्री-मैरवा-सिवान - 11 बसें
- सलेमपुर-भिंगारी-भवानी छापर, मीरगंज- हथुवा-सिवान - पांच बसें
- समऊर- पडरौना- छितौनी- बंगहा- नौ बसें
- बलिया-बक्सर वाया भरौली बार्डर- छह बसें
- बलिया-छपरा वाया मांझी घाट- पांच बसें
- वाराणसी-बक्सर वाया बारा और चौसा- छह बसें
चालकों को दी गई यातायात के नियमों की जानकारी
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शुक्रवार को गोरखपुर बस स्टेशन परिसर में चालकों और परिचालकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बीके सिंह और राजेश पांडेय ने यातायात के नियमों प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि किसी भी दशा में नियमों की अनदेखी न करें। नियमों की अनदेखी से ही सर्वाधिक मार्ग दुर्घटनाएं होती हैं। इस मौके पर परिवहन विभाग और परिवहन निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
पूर्व निर्धारित समय पर होगा गोरखपुर महोत्सव
गोरखपुर महोत्सव के आयोजन के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाएंगे जिलाधिकारी- 11 से 13 जनवरी 2022 के बीच आयोजित होगा महोत्सवजागरण संवाददाता, गोरखपुर : गोरखपुर महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस बार भी पूर्व निर्धारित तिथियों यानी 11, 12 एवं 13 जनवरी 2022 को महोत्सव का आयोजन होगा। इस बार एक बड़ा बदलाव हुआ है।
अब मंडलायुक्त नहीं डीएम होंगे आयोजन समिति के अध्यक्ष
महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी ने जिलाधिकारी विजय किरन आनंद को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। गोरखपुर महोत्सव-2022 के आयोजन को लेकर पहली बैठक मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी की अध्यक्षता में 13 नवंबर को हो चुकी है। बैठक में निर्णय लिया गया था कि महोत्सव रामगढ़ताल क्षेत्र में आयोजित होगा। चंपा देवी पार्क, नुमाइश ग्राउंड एवं योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृहमें महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के आयोजन केलिए जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह को नोडल अधिकारी बनाया जा चुका है।