अब बंद हो जाएगी मुंबई की दूसरी फ्लाइट, जानें-कहां है अड़चन Gorakhpur News
विंटर शेड्यूल में शाम पांच बजे गोरखपुर से मुंबई जाने वाले स्पाइस जेट के विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली है। इसलिए अब ठंड खत्म होने पर ही दूसरी उड़ान हो सकेगी।
गोरखपुर, जेएनएन। मुंबई जाने वाली स्पाइस जेट की दूसरी फ्लाइट रविवार (27 अक्टूबर) से बंद हो जाएगी। कंपनी ने एक माह पहले ही टिकटों की बुकिंग बंद कर दी थी। इसके अलावा रविवार से ही विंटर शेड्यूल लागू होगा। जिसमें दिल्ली व कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट का शेड्यूल बदल जाएगा।
गोरखपुर एयरपोर्ट से नियमित आठ उड़ानें
गोरखपुर एयरपोर्ट से आठ उड़ानें होती थीं। जिसमें दिल्ली के लिए इंडिगो, स्पाइस जेट और एयर इंडिया के विमान उड़ान भरते हें। मुंबई के लिए स्पाइस की दो, बंगलुरू, कोलकाता और हैदराबाद के लिए इंडिगो की एक उड़ान होती है।
ठंड समाप्त होने पर ही मुंबई की दूसरी उड़ान
विंटर शेड्यूल में शाम पांच बजे गोरखपुर से मुंबई जाने वाले स्पाइस जेट के विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिली है। विमान कंपनी ने शेड्यूल बदलकर उड़ान जारी रखने का प्रयास किया लेकिन मुंबई में स्लाट खाली नहीं था। विमान कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि ठंड खत्म होने पर ही मुंबई की दूसरी उड़ान फिर से शुरू होगी। उल्लेखनीय है कि गोरखपुर और बस्ती मंडल के जिलों से तमाम लोग मुंबई में रहते हैं और अपना कारोबार करते हैं। दूसरी फ्लाइट बंद होने से परेशानी तो बढ़ेगी ही।