Move to Jagran APP

गोरखपुर में अब रात में भी होगा अंतिम संस्कार, नगर निगम ने इसलिए लिया निर्णय

गोरखपुर के राप्ती तट स्थित राजघाट पर अब रात में भी नगर निगम प्रशासन अंतिम संस्कार कराएगा। मंगलवार देर रात अंतिम संस्कार के नाम पर वसूली की जानकारी के बाद नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सभी जिम्मेदारों की क्लास लगाई।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Thu, 29 Apr 2021 10:24 AM (IST)Updated: Thu, 29 Apr 2021 10:24 AM (IST)
गोरखपुर में अब रात में भी होगा अंतिम संस्कार, नगर निगम ने इसलिए लिया निर्णय
गोरखपुर के राजघाट पर अब रात में भी अंतिम संस्‍कार होगा। - प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

गोरखपुर, जेएनएन। राप्ती तट स्थित राजघाट पर अब रात में भी नगर निगम प्रशासन अंतिम संस्कार कराएगा। मंगलवार देर रात अंतिम संस्कार के नाम पर वसूली की जानकारी के बाद नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने सभी जिम्मेदारों की क्लास लगाई। अंतिम संस्कार के नाम पर रुपये वसूलने के आरोपित नगर निगम के कर्मचारी चंदन को राजघाट पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। नगर आयुक्त ने सभी अफसरों के साथ सुबह और शाम को राजघाट का निरीक्षण भी किया। रात में खुद नगर आयुक्त और अफसरों की टीम औचक निरीक्षण कर अंतिम संस्कार में वसूली न होने पर नजर रखेगी।

loksabha election banner

राजघाट पर रात में वसूली की जानकारी के बाद नगर आयुक्त नाराज

कोरोना संक्रमण के कारण मौत होने के बाद नगर निगम प्रशासन ने राजघाट स्थित मुक्तेश्वर नाथ घाट पर अंतिम संस्कार की व्यवस्था बनाई। इसकी निगरानी का जिम्मा प्रवर्तन बल को सौंपा गया है। मंगलवार देर रात पत्नी का शव लेकर पहुंचे दारोगा से शवदाह में जुटे लोगों ने 15 हजार रुपये मांगे। दारोगा ने विरोध किया तो अंतिम संस्कार से मना कर दिया गया। उस समय घाट पर कई शव रखे थे। आरोप था कि 40 हजार रुपये तक की मांग हो रही थी।

दारोगा ने अफसरों को सूचना दी तो राजघाट के इंस्पेक्टर ने अंतिम संस्कार कराया। पति के शव का अंतिम संस्कार कराने पहुंची खजनी निवासी महिला से भी 15 हजार रुपये मांगे जा रहे थे। महिला के पास सिर्फ सात सौ रुपये थे। रुपये न मिलने के कारण शव को किनारे रखवा दिया गया था। शवदाह को लेकर लोगों ने हंगामा भी किया था। दैनिक जागरण ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।

चंदन पर लगे हैं आरोप

शवदाह के लिए नगर निगम के कर्मचारी चंदन की ड्यूटी लगाई गई है। आरोप है कि मंगलवार चंदन की मौजूदगी में रुपये वसूले जा रहे थे। हालांकि चंदन का कहना था कि वह रात में घाट से चला गया था।

यह बनाई गई व्यवस्था

नगर निगम प्रशासन ने शवदाह के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था कर दी गई है। इसके अलावा 10 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। रात में कोई दिक्कत होने पर इन कर्मचारियों को तत्काल घाट पर भेजा जाएगा। अफसरों की टीम घाट पर औचक निरीक्षण करेगी।

अब रात में भी शवों का अंतिम संस्कार नगर निगम कराएगा। इसके लिए कर्मचारियों की अतिरिक्त व्यवस्था कर दी गई है। निगरानी के लिए अफसरों को जिम्मेदारी दे दी गई है। रुपये मांगने वालों की सूचना तत्काल प्रवर्तन बल को दें। - अविनाश सिंह, नगर आयुक्त।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.