गोरखपुर में जुलाई तक बनकर तैयार हो जाएगा नगर निगम का आधुनिक भवन, जानें-क्या-क्या हो रहा निर्माण
जल निगम की कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम के पुराने स्टोर की जमीन पर निर्माण चल रहा है। 23.45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सदन भवन का शिलान्यास करने मुख्यमंत्री खुद आए थे।
गोरखपुर, जेएनएन। नगर निगम के सदन भवन का काम तेजी से चल रहा है। पांच मंजिला सदन भवन के लोअर ग्राउंड फ्लोर की छत की शटरिंग शुरू हो गई है। वर्ष 2022 में सदन भवन का निर्माण पूरा होना है लेकिन उम्मीद है कि इसी साल जुलाई तक भवन का ढांचा तैयार हो जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 16 नवंबर 2019 को सदन भवन का शिलान्यास किया था। 23.45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे सदन भवन का शिलान्यास करने मुख्यमंत्री खुद आए थे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हुए समय से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने नगर निगम के महापौर कक्ष में बैठक भी की थ्ीा।
सीएंडडीएस को मिला है जिम्मा
जल निगम की कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। नगर निगम के पुराने स्टोर की जमीन पर निर्माण चल रहा है।
15 सौ वर्गमीटर में हो रहा निर्माण
सदन भवन का निर्माण 15 सौ वर्ग मीटर में हो रहा है। भवन के लोअर बेसमेंट में वाहनों की पार्किंग होगी। इसके ऊपर का 50 फीसद हिस्सा पार्किंग और 50 फीसद में दुकान बनाई जाएगी। ग्राउंड फ्लोर के पचास फीसद हिस्से में नगर निगम के कार्यालय और बचे हिस्से में दुकानें बनाकर किराए पर दी जाएंगी। प्रथम तल के आधे हिस्से में नगर निगम के कार्यालय खुलेंगे और बचे आधे हिस्से में सदन हाल होगा। पुराने सदन हाल से इसे ज्यादा आकर्षक बनाया जाएगा। द्वितीय तल के आधे हिस्से में दुकान और आधा हिस्सा नगर निगम के पास रहेगा। तीसरे तल का पूरा उपयोग नगर निगम करेगा। महापौर सीताराम जायसवाल का कहना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से नगर निगम को नया सदन भवन मिल रहा है। नगर निगम के इतिहास में इसे स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण कार्य के लिए अफसरों के साथ ही खुद भी मौके पर जाकर निरीक्षण करता हूं।