अखिलेश यादव का गुणगान कर रहा नेपाली एफएम रेडियो, भारत में हो रही चर्चा
एक नेपाली एफएम रेडियाे द्वारा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और सपा सरकार का लगातार गुणगान करने की चर्चा भारत में हो रही है।
गोरखपुर, (जेएनएन)। नेपाली एफएम द्वारा किया जा रहा समाजवादी पार्टी का प्रचार इन दिनों सीमावर्ती जिलों में चर्चा का विषय बना है। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जमकर गुणगान हो रहा है। नेपाल के एफएम रेडियो पर एक घंटे के कार्यक्रम में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का बखान प्रतिदिन रात नौ बजे से 10 बजे तक एक गायक द्वारा कार्यक्रम पेश कर किया जा रहा है।
समाजवादी पेंशन से लेकर निश्शुल्क एंबुलेंस तक की चर्चा
इस कार्यक्रम में उक्त गायक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करता है। समाजवादी पेंशन से लेकर 102 व 108 निश्शुल्क एंबुलेंस सेवा के साथ ही पूर्ववर्ती सरकारी की अन्य योजनाओं को गिनाते हैं। दूसरी ओर कार्यक्रम में मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की जाती है। नेपाली एफएम का प्रभाव सीमा से सटे महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर व बहराइच में है।
भाजपा सांसद ने निंदनीय बताया
इस संबंध में महराजगंज के सांसद पंकज चौधरी का कहना है कि उन्हें कार्यकर्ताओं से इस बात की सूचना मिली है। सपा के लोगों द्वारा दूसरे देश से मौजूदा सरकार की बुराई कराना निंदनीय है। इसे किसी भी दशा में उचित नहीं ठहराया जा सकता है। इस संबंध में पार्टी नेतृत्व व भारत सरकार से वार्ता कर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।