छेड़खानी का विरोध करने पर ब्यूटी संचालिका की हत्या की, फिर खुद का 'अपहरण' कराया Gorakhpur News
गोरखपुर में छेड़खानी का विरोध करने पर ब्यूटी संचालिका की हत्या के आरोपित ने पुलिस से बचने के लिए खुद के अपहरण का नाटक किया। पुलिस उसे ढूंढ रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। ब्यूटी पार्लर संचालिका का हत्यारोपित सुनील यादव उर्फ डिंपल ने पुलिस को चकमा देने के लिए खुद के अपहरण की कहानी गढ़ी थी। उसकी प्रेमिका ने अपहरण होने की सूचना उसके घरवालों को दी। तफ्तीश में यह बात सामने आने के बाद पुलिस ने सुनील की तलाश तेज कर दी है। उसकी लोकेशन बिहार के सिवान जिले में मिली है।
ब्यूटी पार्लर संचालिका का हत्या करने वाला सुनील यादव उर्फ डिम्पल तीन माह से है फरार
चौरीचौरा के टेल्हनापार निवासी सुनील यादव उर्फ डिंपल के पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही है। आठ मई 2020 को छेड़खानी का विरोध करने पर सुनील ने घरवालों के साथ मिलकर गांव की रहने वाली ब्यूटी पार्लर संचालिका आशा देवी की पीटकर हत्या कर दी। आशा के पति नीरज कन्नौजिया ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या, दलित उत्पीड़न व बलवा का केस दर्ज कराया है। वारदात के बाद से ही सुनील फरार है। 29 अगस्त की शाम शाम 4.30 बजे सुनील के बड़े भाई अनिल ने डायल 112 पर फोन कर अपहरण की सूचना दी।
बिहार के सिवान जिले में मिली लोकेशन, एसएसपी ने दिया गिरफ्तार करने का निर्देश
फरार हत्यारोपित का अपहरण होने की सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। परिवार के लोगों ने बताया कि सुनील थानाक्षेत्र के भौवापार गांव में अपनी प्रेमिका के घर छिपा था, जहां से उसका अपहरण किया गया है। प्रेमिका और उसके भाई को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो भेद खुल गया। एसएसप जोगेंद्र कुमार ने बताया कि हत्यारोपित का अपहरण नहीं हुआ है। पुलिस को चकमा देकर विरोधियों को फंसाने के लिए झूठी कहानी गढ़ी थी। आरोपितों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही वह शिकंजे में होगा।
सपा नेता पर लगा रहे थे अपहरण का आरोप
फरार हत्यारोपित के घरवाले टेल्हनापार गांव के प्रधान प्रतिनिधि व सपा नेता रामनक्षत्र यादव के ऊपर अपहरण का आरोप लगा रहे थे। आशा देवी की हत्या में शामिल आरोपितों को पकड़वाने में प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस की मदद की थी। इसी रंजिश में अपहरण का आरोप लगा दिया। पूछताछ के लिए पुलिस रामनक्षत्र को थाने ले आयी लेकिन हकीकत मालूम होने पर छोड़ दिया।