अधेड़ की हत्या,बाइक पर मिला खून से लथपथ शव
मृतक की सोनहा थाना क्षेत्र के असुरैना गांव में ससुराल है। सोमवार को उसके साले शिव नरायन के बेटी की शादी थी। बलराम शाम को शादी समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं। उसके मुताबिक बलराम रात लगभग दो बजे तक ससुराल में था।
बस्ती: भानपुर-रुधौली मार्ग पर सोनहा थाना क्षेत्र के खैरा गांव के निकट बैड़ा पुल के पास एक अधेड़ का खून से लथपथ शव बाइक पर पाया गया। सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सोनहा पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है। मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के करौता उर्फ करनपुर निवासी 50 वर्षीय बलराम निषाद पुत्र राम हित के रूप में की गई है। शव को देखने से साफ लग रहा है कि हत्या की गई है।
मृतक की सोनहा थाना क्षेत्र के असुरैना गांव में ससुराल है। सोमवार को उसके साले शिव नरायन के बेटी की शादी थी। बलराम शाम को शादी समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस की जांच में जो तथ्य सामने आए हैं। उसके मुताबिक बलराम रात लगभग दो बजे तक ससुराल में था। उसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहा था। रास्ते में बाइक रोककर सिर के पिछले हिस्से में मारकर हत्या कर दी गई। सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर साफ इशारा कर रहे हैं। पुलिस जांच भी इसी दिशा में कर रही है। बलराम पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। वह पत्नी सरोजिनी के साथ अलग रहते थे। दोनों से सिर्फ एक बेटी है,जिसकी पिछले साल 30 नवंबर को शादी हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी रुधौली धनंजय सिंह कुशवाहा ने प्रभारी निरीक्षक राम कृष्ण मिश्र के साथ मौके पर पहुंचकर घटना के संबंध में स्वजन व उसके ससुराल वालों से भी पूछताछ की।
दीपेंद्र नाथ चौधरी, एएसपी ने बताया कि शव जिस हालत में मिला है, उससे लग रहा है कि बलराम की हत्या की गई है। सिर के पीछे चोट के गंभीर निशान मिले हैं। बहरहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हीं स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।