शहर के इस मोहल्ले से अपनी जमीन खाली कराएगा नगर निगम Gorakhpur News
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि घोष कंपनी की जमीन कब्जा करने वालों को नोटिस दिया जा चुका है।
गोरखपुर, जेएनएन। शहर के घोष कंपनी पर अपनी 48 डिसमिल जमीन नगर निगम खाली कराएगा। जमीन पर 35 से ज्यादा लोगों का कब्जा है। नगर निगम प्रशासन ने सभी को आखिरी नोटिस दिया है। कब्जा खाली न करने पर पुलिस की मौजूदगी में हटाने की चेतावनी दी है।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारी
नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह से कुछ लोगों ने नगर निगम की जमीन से कब्जा हटाने की मांग को लेकर मुलाकात की। नगर आयुक्त के निर्देश पर संयुक्त नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और उप नगर आयुक्त संजय शुक्ल नगर निगम के नायब तहसीलदार सतीश चंद्र श्रीवास्तव के साथ घोष कंपनी पर पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना भी किया।
अंग्रेजों के जमाने में था अस्तबल
नगर निगम की जमीन पर अंग्रेजों के जमाने में अस्तबल था। अंग्रेज अफसरों की बग्घियां और घोड़े यहीं पर रहते थे। बग्घियां चलाने वालों के परिवार भी यहीं रहते थे। बग्घयिां चलनी बंद हुईं तो इन्हें चलाने वालों के परिवार यहीं रहने लगे।
कई ने जमीन ही बेच दी
नगर निगम के अफसरों की जांच में पता चला है कि घोष कंपनी की जमीन को वहां रहने वालों ने कुछ लोगों को बेच दी है। यह लोग जमीन खरीदने का कागज दिखा रहे हैं। हालांकि अफसरों का कहना है कि सरकारी जमीन को बेचा नहीं जा सकता है। जिनके पास कागज होंगे भी वह फर्जी होंगे।
दुकानें भी खुल गई हैं
नगर निगम की जमीन पर दुकानें भी खुल गई हैं। कुछ लोगों ने अपने मकान भी बना लिए हैं। ज्यादातर हिस्से पर बाइक बनाने वाले मैकेनिकों का कब्जा है। नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह का कहना है कि घोष कंपनी की जमीन कब्जा करने वालों को नोटिस दिया जा चुका है। अफसरों ने सभी से मुलाकात कर जल्द से जल्द सामान लेकर हटने को कहा है। यदि लोगों ने खुद कब्जा नहीं छोड़ा तो पुलिस बल के साथ कब्जा हटाया जाएगा।