जेल के अस्पताल में पूरी रात करवट बदलते रहे विधायक रामानंद Gorakhpur News
देवरिया जेल में बंद कुशीनगर जनपद के रामकोला के भासपा विधायक रामानंद बौद्ध की पहली रात जिला कारागार में करवट बदलते हुए कटी।
गोरखपुर, जेएनएन। देवरिया जेल में बंद कुशीनगर जनपद के रामकोला के भासपा विधायक रामानंद बौद्ध की पहली रात जिला कारागार में करवट बदलते हुए कटी। मधुमेह व हृदय रोग से पीडि़त होने की शिकायत के बाद उन्हें जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन आम बंदियों की तरह उन्हें नींद नहीं आई और पूरी रात वह बेचैन रहे। भोर में उठकर वह जेल अस्पताल परिसर में करीब बीस मिनट टहले। दिन में उनसे मिलने के लिए उनके कुछ समर्थक भी कारागार पहुंचे।
आगजनी व तोडफ़ोड़ के मामले हुई है जेल
बुधवार को अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एवं विशेष न्यायाधीश एमपी-एमएलए कुशीनगर विवेकानंद शरण त्रिपाठी की अदालत ने रामकोला के भासपा विधायक रामानंद बौद्ध को आगजनी व घर में घुसकर तोडफ़ोड़ के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में देवरिया जेल भेज दिया था। जेल आते ही विधायक ने शुगर व हृदय रोग से ग्रसित होने की बात जेल प्रशासन को बताई, जिसके बाद उन्हें बैरक की बजाय जेल अस्पताल में भर्ती कर दिया गया। रात को आम बंदियों की तरह उन्हें भी भोजन दिया गया।
भोजन में मिली रोटी, सब्जी व दाल
विधायक ने भोजन करने से मना किया। लेकिन जेल प्रशासन व चिकित्सक की सलाह के बाद वह भोजन किए,जिसमें दो रोटी व सब्जी व दाल शामिल था। इस बाबत जेल अधीक्षक केपी त्रिपाठी ने कहा कि तबीयत खराब होने के चलते उन्हें जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आम बंदियों की तरह उन्हें भी भोजन दिया जा रहा है। किसी भी तरह की कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं है।