महराजगंज में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, स्थिति गंभीर
यूपी के महराजगंज में 15 वर्षीय किशोरी के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। खून से लथपथ किशोरी बेहोशी की हालत में खेत में मिली। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
महराजगंज, जेएनएन। महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार को 15 वर्षीय किशोरी के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। खून से लथपथ किशोरी बेहोशी की हालत में खेत में मिली। स्वजनों ने उसे सीएचसी सिसवा में भर्ती कराया। जहां स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
पीड़िता के स्वजनों ने बताया कि रविवार को किशोरी अपनी सहेली के पास जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब वह शाम तक घर वापस नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच शाम सात बजे गांव के पश्चिम खेत में वह बेहोशी की हालत में मिली। जिसे तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इलाज के बाद होश आया तो उसने बताया कि बगल के गांव पण्डितपुर निवासी सतीश व उसके तीन साथियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जब वह विरोध करने लगी तो उसे मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
छेड़खानी के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं कर रही पुलिस
उधर, कुशीनगर में तीन दिन बाद भी पटहेरवा पुलिस छेड़खानी के मामले में मुकदमा दर्ज नहीं कर सकी है। पीड़िता के पिता व सेवानिवृत्त फौजी ने पुलिस के आला अफसरों को शिकायती-पत्र देकर न्याय की मांग की है। पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव में सेवानिवृत्त फौजी के घर में घुस कर बगल के टोले के युवक ने युवती से छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर आरोपित फरार हो गया। घटना की जानकारी पर युवती के पिता ने थाने पहुंच नामजद तहरीर दी। पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया, लेकिन तीन दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब युवती के पिता ने एसपी, एएसपी को शिकायती पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।