शादी का झांसा दे करता रहा दुष्कर्म, परिजन लगा रहे थाने का चक्कर
वह शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। इस बीच युवक की शादी कहीं और तय हो गई। पीड़िता थाने का चक्कर लगा रही है।
गोरखपुर, जेएनएन। शादी का झांसा देकर युवती के साथ तीन साल से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। करीब तीन वर्ष तक आरोपित शारीरिक संबंध बनाता रहा। उसके परिवार के लोग भी इस संबंध को जानते थे। करीब एक पखवारा से पीड़िता महिला थाना का चक्कर काट रही है, लेकिन सुनवाई नहीं की जा रही है। यह वाकया सिद्धार्थनगर जिले में बांसी कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि बिहार के जिला सीवान के थाना गोपालपुर के ग्राम भेलीशाह पुर निवासी आरोपित के पिता नौगढ़ के विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। परिवार के साथ विद्यालय परिसर में रहते हैं। वर्ष 2015 में बीएससी की पढ़ाई करते समय रिश्तेदार के घर पर आरोपित से मुलाकात हुई थी। उसने अपने परिवार से मिलवाया। परिजन विवाह कराने के लिए राजी भी हो गए। इसके बाद आरोपित जल्द शादी होने की बात कह कर अक्सर संबंध बनाने लगा।
युवती के अुनसार परिवार के लोग लड़के के घर गए और परिवार के सदस्यों से मिलकर शादी की बात करने लगे। इससे लड़के के परिजनों आनाकानी शुरू कर दी। उसके बाद युवक से भी बात की गई। उसने भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया। युवती के अनुसार शादी का दबाव बनाते ही वह आग बबूला हो गया।
चार फरवरी को दोपहर में आरोपित घर आया। अपशब्द बोलने के साथ मारपीट करने लगा। कहा कि मेरा विवाह कहीं और तय हो गया है। आठ मार्च को शादी होनी है। मैं तुमसे शादी नहीं कर पाऊंगा। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक मुन्ना लाल सिंह ने कहा कि शिकायती पत्र मिला है, जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।