Move to Jagran APP

मान्या की उड़ान से चहुंओर खुशी, मिस यूपी बनने के बाद दिसंबर में पिता संग आईं थीं हाटा Gorakhpur News

वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया 2020 की रनरअप रहीं कुशीनगर की मान्या सिंह का एक माह पूर्व दिसंबर में अपने घर कुशीनगर जिले के हाटा आना हुआ था। वह पिता ओमप्रकाश व छोटे भाई अमन के साथ आईं थीं। एक सप्ताह रहने के बाद सभी मुंबई चले गए।

By Rahul SrivastavaEdited By: Published: Sat, 13 Feb 2021 07:10 PM (IST)Updated: Sat, 13 Feb 2021 07:10 PM (IST)
मान्या की उड़ान से चहुंओर खुशी, मिस यूपी बनने के बाद दिसंबर में पिता संग आईं थीं हाटा  Gorakhpur News
अपने पिता ओमप्रकाश सिंह के साथ मान्या सिंह।

गोरखपुर, जेएनएन : वीएलसीसी फेमिना मिस इंडिया 2020 की रनरअप रहीं कुशीनगर की मान्या सिंह का एक माह पूर्व दिसंबर में अपने घर कुशीनगर जिले के हाटा आना हुआ था। वह पिता ओमप्रकाश व छोटे भाई अमन के साथ आईं थीं। एक सप्ताह रहने के बाद सभी मुंबई चले गए, तबसे यहां के लोगों का परिवार से संपर्क नहीं हुआ। अखबार व टीवी के जरिये मान्या के शून्य से शिखर तक के सफर तय करने की खबर मिलते ही नगर के लोग खुशी से झूम उठे। 30 नवंबर, 2020 में मान्या का चयन मिस यूपी के लिए हुआ था। इसमें प्रदेश की तीन लाख लड़कियाें ने हिस्सा लिया था। इसके बाद उनका चयन फिर अंडर टेन में भी हुआ। अब 10 फरवरी को मुंबई में आयोजित फेमिना मिस इंडिया 2020 में फर्स्ट रनरअप रही।

loksabha election banner

मान्‍या की उपलब्धि पर हाटा के लोग उत्‍साहित

मान्या की इस उपलब्धि पर हाटा के गांधी नगर मोहल्ले में घर-घर में खुशी है। समूचा नगर उत्साहित है। पिता ओमप्रकाश बताते हैं कि मान्या की प्रांरभिक शिक्षा हाटा स्थित सरकारी स्कूल में हुई। हाईस्कूल की पढ़ाई उन्‍होंने देवरिया जिले के लोहिया इंटर कालेज सहवा-महवा से की। इसके बाद परिवार सहित मुंबई चली गईं। वहां समता विद्या मंदिर से मान्या ने 12वीं की पढ़ाई की। ठाकुर कालेज आफ इंजीनियरिंग से उन्‍होंने 2018 में स्नातक किया। इसके बाद वह एमबीए करना चाहती थी पर पैसे की कमी के कारण दाखिला नहीं हो पाया। उनका छोटा भाई अमन समता विद्या मंदिर से 10वीं की पढ़ाई कर रहा है।

विश्‍वास था कि मान्‍या को जरूर मिलेगी सफलता

बेटी की सफलता से पिता ओमप्रकाश बहुत खुश हैं। कहते हैं कि दो बच्चे हैं, उनकी खुशियां ही हमारी दुनिया है। बेटी की लगन देख मन में यह विश्वास था कि एक दिन उसे सफलता जरूर मिलेगी पर सबकुछ इस तरह हो जाएगा, यह सपने में भी नहीं सोचा था। मान्या की मां मनोरमा सिंह हेयर डिजायनर हैं और एक छोटी सी जगह पर खुद का दुकान चलाती हैं। ओमप्रकाश मूल रूप से देवरिया जिले के विक्रम विशनपुर गांव के निवासी हैं। 20 वर्ष पहले वह हाटा चले आए और गांधीनगर में मकान बनाकर रहने लगे। 10 वर्ष पहले यह परिवार सहित मुंबई चले गए।

मिस वर्ल्ड बनना सपना

पिता ओमप्रकाश के अनुसार मान्या शुरू से ही माडलिंग की दुनिया में जाना चाहती थीं। पांच वर्षों से वह इस क्षेत्र में सक्रिय थी। कई छोटी कंपनियों के लिए उसने काम भी किया। उसका सपना मिस वर्ल्ड बनना है।

यह सफलता एक शानदार उपलब्धि

हाटा में मान्‍या के पड़ोसी पंकज श्रीवास्तव बताते हैं कि मान्या की यह सफलता एक शानदार उपलब्धि है, जो देशभर की बेटियों के लिए नजीर बनेगी। परिस्थितियों से संघर्ष कर मान्या ने सफलता की इबारत लिखी है, जो दूसरों के लिए प्रेरणादायी बनेगी। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन वर्मा ने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि पर नगर गौरवान्वित है, उसके आगमन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नंद किशोर नथानी ने कहा कि परिवार में आर्थिक संकट होने के बाद भी उसने सफलता के शिखर तक पहुंच साबित कर दिया है कि सच्चे मन व लगन से प्रयास किया जाए तो विपरीत परिस्थितियों में भी सफलता जरूर मिलती है। सभासद मनीष रूंगटा ने बताया कि मान्या बचपन से ही होनहार थी। मोहल्ले के प्रवीण सिंह, व्यास ओझा, भोला गुप्ता, मदन जायसवाल, सत्यम बरनवाल समेत अन्य लोगों ने प्रसन्नता जताई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.