यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : महाराज जी गोरखपुर से... बधाई हो
चुनाव का मौका हो मुख्यमंत्री का आवास हो राजनीति से जुड़े लोग और शहर के गण्यमान्य जन हों तो चुनावी बातें स्वाभाविक हैैं। गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी सहभोज के आयोजन में गोरखपुर-बस्ती मंडल के विभिन्न जिलों से आए लोग एकत्र हुए तो चुनावी चर्चा चटखारों के साथ बाहर आने लगी।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। चुनाव का मौका हो, मुख्यमंत्री का आवास हो, राजनीति से जुड़े लोग और शहर के गण्यमान्य जन हों तो चुनावी बातें स्वाभाविक हैैं। गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर खिचड़ी सहभोज के आयोजन में गोरखपुर-बस्ती मंडल के विभिन्न जिलों से आए लोग एकत्र हुए तो चुनावी चर्चा चटखारों के साथ बाहर आने लगी।
योगी के नाम की घोषणा होते ही लोग एक-दूसरे को देने लगे बधाई
किसी की प्लेट में तिल-गुड़ का लड्डू था तो कोई बूंदी-दही से मुंह मीठा कर रहा था। कोई अभी दही-खिचड़ी पर ही था तो कोई किसी का हाल पूछ रहा था। कोई इशारे से टिकट मिलने की बाबत बात कर रहा था तो कोई आंकड़े गिना रहा था। इसी बीच दिल्ली में भाजपा ने प्रत्याशियों की घोषणा की। सबसे पहले नाम लिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। लोगों को सीट की आशा अयोध्या की थी, लेकिन घोषणा हुई गोरखपुर सदर की। टीवी तो नहीं था, लेकिन मोबाइल घनघना उठे। एक शख्स का फोन बजा। दूसरी तरफ वाले ने कुछ कहा। आश्चर्यमिश्रित भाव से बोले-अच्छा...! फिर तेज आवाज में चिल्लाए.. महाराज जी से गोरखपुर से... बधाई हो। इसके बाद क्या था। मुख्यमंत्री तो हाल में नहीं थे, लोग एक दूसरे को ही बधाई देने लगे।
खुद तो जीतेंगे ही गोरखपुर-बस्ती मंडल की सीटें भी जिताएंगे
हाल में मौजूद डुमरियागंज के विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि महाराज जी गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे तो दोनों मंडलों की सभी सीटें भाजपा की हैैं। वह तो जीतेंगे ही, आसपास के क्षेत्रों की सीटें भी जिता देंगे। मेंहदावल के राकेश बघेल ने हां में हां मिलाई। बोले-महाराज जी के गोरखपुर से लडऩे से आसपास की सीटों का समीकरण बदल जाएगा। जनता सभी प्रत्याशियों को हाथोंहाथ लेगी। साथ बैठे कुशीनगर के सांसद विजय दूबे बोल उठे कि महाराजजी गोरखपुर से लड़ेंगे तो सभी की जीत का कारण बनेंगे।
भाजपा विधायकों ने दी बधाई
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, कारोबारी विष्णु अजितसरिया, अंजू चौधरी ने भी बधाई दी। भोजन हाल से बाहर महादेवा, बस्ती के विधायक रवि सोनकर, गोरखपुर के पिपराइच से विधायक महेंद्र पाल सिंह, ग्रामीण से विधायक बिपिन सिंह और खजनी से विधायक संत प्रसाद साथ खड़े होकर धूप का आनंद लेते हुए बात कर रहे थे। रवि सोनकर बोले, अब तो अब हार-जीत कहां देखनी है। अब तो गिनना है कि महाराज जी कितने वोट से जीतेेंगे। रिकार्ड बनेगा।
महराज जी से बढ़ेगी विधानसभा की गरिमा
महेंद्र पाल सिंह ने अपनी बात जोड़ी, महाराज जी विधानसभा में रहेंगे तो उसकी गरिमा और बढ़ेगी। पांच बार के सांसद हैैं, पहली बार विधानसभा लड़ रहे हैैं, वह संसदीय गरिमा को और ऊंचाई देंगे। बिपिन सिंह ने इससे सहमति जताई। फिर बोले सबसे बड़ी बात महाराज जी के अपने घर से लडऩे से जनता खुश है। धीरे-धीरे वहां भीड़ बढऩे लगी। कार्यकर्ता और अन्य लोगों के बधाई हो... के स्वर ऊंचे होने लगे, साथ में जय श्रीराम के नारे भी।