देवरिया में एक हजार हेक्टेयर सरकारी भूमि पर माफिया का कब्जा
बरहज के परसिया देवार विशुनपुर देवार परसिया कुरह देवार सहित छह गांवों में एक हजार हेक्टेयर सरकारी भूमि पर माफिया का कब्जा है। प्रशासन संगठित भू-माफिया के कब्जे से मुक्त नहीं करा सका है। प्रशासनिक लापरवाही के चलते खाली कराने का अभियान परवान नहीं चढ़ सका।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता। देवरिया जिले में बरहज के परसिया देवार, विशुनपुर देवार, परसिया कुरह देवार सहित छह गांवों में एक हजार हेक्टेयर सरकारी भूमि पर माफिया का कब्जा है। प्रशासन संगठित भू-माफिया के कब्जे से मुक्त नहीं करा सका है। पिछले वर्ष प्रशासन ने इसको लेकर कवायद तो शुरू की, लेकिन लापरवाही के चलते यह अभियान परवान नहीं चढ़ सका। पैमाइश भी पूरी नहीं हो सकी है।
इलेक्ट्रानिक टोटल सिस्टम से हो चुकी है पैमाइश
राजस्व परिषद के निर्देश पर पिछले वर्ष चार दिसंबर से केटीएस हरदोई से इलेक्ट्रानिक टोटल सिस्टम से विजय सिंह की टीम ने पैमाइश शुरू की। सीमांकन कार्य के बाद पत्थर लगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई ठप हो गई। सरयू और राप्ती नदी के कछार में करीब एक हजार हेक्टेयर भूमि पर संगठित भू-माफिया कब्जा किए हैं। वर्ष 2012 में 91 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ था। 220 एकड़ भूमि का फर्जी इंद्राज निरस्त हुआ।
निरस्त हो चुका है 48 एकड भूमि का फर्जी इंदराज
2019 में 48 एकड़ भूमि का फर्जी इंद्राज निरस्त हुआ। पैमाइश का कार्य बंद होने और बाढ़ बाद एक बार फिर भू माफिया सक्रिय हो गए हैं। सरकारी, ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे के प्रयास में जुट गए हैं। भू-माफिया में सरकार और प्रशासन का भय नहीं है। उपजिलाधिकारी ध्रुव कुमार शुक्ल ने बताया कि राजस्व कर्मियों से इस संबंध में एक रिपोर्ट मांगी गई है। जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
चिह्नित की गई सरकारी भूमि पर माफिया का कब्जा शुरू
केटीएस की तरफ से पैमाइश कर चिह्नित की गई नदी पार के देवार की भूमि पर भू-माफिया दोबारा कब्जा करना शुरू कर दिए हैं। इसकी शिकायत बेलडाड़ के ग्राम प्रधान सत्या सिंह ने उच्च अधिकारियों से की है। उन्होंने कहा है कि राजस्व ग्राम राजपुर, परसिया कुरह की गत वर्ष केटीएस हरदोई की टीम ने पैमाइश कर सरकारी, परती, राजस्व ग्राम की भूमि का सीमांकन किया था। संबंधित सीमावर्ती राजस्व ग्राम की सीमा पर पत्थर स्तंभ स्थापित किया था।
भूमाफिया ने उखाड कर फेंक दिया सरकारी पत्थर
हाल के दिनों में सक्रिय भूमाफिया राजपुर, परसिया कुरह, कपरवार खादर पर लगे सीमा पत्थर को उखाड़ कर फेंक दिए हैं। सैकड़ों बीघा भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर कब्जा कर रहे हैं। इस भूमि पर माफिया का 20 वर्षों से कब्जा था। ग्राम प्रधान की शिकायत पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ने राजस्व निरीक्षक और लेखपालों की टीम के साथ पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त करने के संबंध में तीन दिवस में आख्या मांगी है।