Highlights Coronavirus Gorakhpur News: गोरखपुर में कोरोना से चार और लोगों की मौत, अब तक 68 मरे
Live Coronavirus Gorakhpur Updates 5 August 2020 संतकबीर नगर में गुरुवार को कोरोना वायरस के 45 नए मरीज मिले।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में चार कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कुल 313 नमूनों की जांच हुई। 124 निगेटिव व 189 में संक्रमण की पुष्टि हुई।
इसमें 112 केवल शहर के हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 2983 हो गई है। 68 लोगों की मौत हो चुकी है। 991 लोग स्वस्थ होकर घर गए। 1367 लोगों का इलाज चल रहा है। 557 लोग होम आइसोलेशन से मुक्त हो गए हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की।
देवरिया में कोरोना के 25 नए केस, अब तक 1639 संक्रमित
देवरिया जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढऩे लगा है। अब तेजी से स्वास्थ्यकर्मी भी पॉजिटिव निकलने लगे हैं। गुरुवार को आई रिपोर्ट में 25 लोग पॉजिटिव निकले। जिसमें रामपुर कारखाना अस्पताल में तैनात एक चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मईल न्यू पीएचसी पर तैनात छह कर्मचारी भी पॉजिटिव निकले हैं। जिसके बाद पीएचसी को सील कर दिया गया है। साथ ही इनके संपर्क में रहने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल कर जांच कराने में टीम जुट गई है। इस तरह से जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 1639 हो गई है। हालांकि इसमें से 817 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं।
कुशीनगर में 11 पुलिस कर्मी समेत 53 पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या
कुशीनगर में गोरखपुर मेडिकल कॉलेजे से जनपद में आ रही रिपोर्ट में अब स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और पुलिस कर्मी भी संक्रमित मिलने लगे हैं। बुधवार को भी रामकोला थाने के दो सिपाही संक्रमित मिले थे। गुरुवार को आई 518 लोगों की रिपोर्ट में 465 निगेटिव हैं। वहीं रामकोला थाने के 11 पुलिस कर्मी समेत 53 पॉजिटिव हैं। सिपाहियों की बड़ी संख्या में पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर सहयोगियों में दहशत व्याप्त हो गया है। इस तरह से जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 1032 हो गई है। अब तक कुल 215 गांवों को हाट स्पॉट क्षेत्र घोषित किया जा चुका है। कोरोना से अब तक मरने वालों की संख्या 10 हो चुकी है।
बस्ती में कोरोना से एक की मौत, 30 नए केस, अब तक 1085 संक्रमित
बस्ती जिले में कोरोना वायरस के मामले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को जिला अस्पताल के ट्रूनेट मशीन,एंटीजेन टेस्ट किट व केजीएमयू तथा बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से 784 की जांच रिपोर्ट जारी की गई। 754 निगेटिव जबकि जिलाधिकारी आवास पर दो कर्मी समेत 30 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1085 पहुंच गई है। कोरोना से एक की मौत हो गई। अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।
सिद्धार्थनगर में डीएसटीओ समेत 66 पॉजिटिव, संक्रमितों की संख्या 997 पहुंची
सिद्धार्थनगर में हर दिन कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला जारी है। बीआरडी मेडिकल कालेज से गुरुवार को 1496 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट आई। डीएसटीओ समेत 66 पॉजिटिव पाए गए हैं। 1430 निगेटिव मिले हैं। इनमें बढऩी ब्लाक के सात, बर्डपुर में 16, डुमरियागंज में सात, इटवा में चार, खेसरहा में एक, नौगढ़ में 23, शोहरतगढ़ में तीन व उसका बाजार में पांच मरीज मिले हैं। इस तरह से जिले में संक्रमितों की बढ़कर अब 997 हो गई है। अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
महराजगंज में कोरोना के 30 नए केस, संक्रमितों की संख्या 1004 हुई
महराजगंज जिले में कोरोना मरीजों की संख्या में एक तरफ जहां लगातार वृद्धि हो रही है। वहीं गुरुवार को 30 और मरीज पाए गए हैं। इस प्रकार जिले में कोरोना मरीजों की संख्या कुल 1004 हो गई हैं। इसमें अब तक नौ की मौत हो चुकी है। 478 के स्वास्थ्य में सुधार होने पर घर जा चुके हैं। वर्तमान में सक्रिय मरीजों की संख्या 517 हो गई है।
संत कबीरनगर में सात पुलिस कर्मियों समेत 45 नये पाॅजिटिव मरीज मिले
संत कबीरनगर में गुरुवार को 1,045 सैंपल की रिपोर्ट आई। इसमें 1,000 निगेटिव और सात पुलिस कर्मी समेत 45 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस दिन 50 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। बहरहाल कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 1,224 हो गई है।
यहां मिले मरीज
पुलिस लाइन-खलीलाबाद के तीन, कोतवाली खलीलाबाद के दो, दुधारा व महुली थाने के एक-एक कुल सात पुलिस कर्मी जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस जनपद में सर्वाधिक बघौली ब्लाक में 15, खलीलाबाद ब्लाक में 11, मेंहदावल ब्लाक में नौ, सेमरियावां ब्लाक में सात तथा नाथनगर, पौली व सांथा ब्लाक में एक-एक कुल 45 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। इस दिन 50 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंचे। अब तक 31,251 स्वाब के सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें 25,830 निगेटिव और 1,224 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक 11 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि 822 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। वर्तमान में 391 पाॅजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।