Coronavirus: गोरखपुर में एम्स के 15 डॉक्टरों सहित 40 लोग क्वारंटाइन
Coronavirus Gorakhpur News Updates गोरखपुर-बस्ती मंडल की कोरोना वायरस की खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के एक डॉक्टर सोमवार को ऋषिकेश में पॉजिटिव पाए गए थे। वह यहां से शनिवार को गए थे। उनसे मिलने-जुलने वाले लगभग 40 लोगों की पहचान कर ली गई है, जिसमें 15 डॉक्टर हैं और शेष कर्मचारी। सभी को हास्टल में अलग-अलग कमरे में क्वारंटाइन करा दिया गया है। दो दिन बाद सभी के नमूने लिए जाएंगे, जांच होगी। एम्स के जिस डॉक्टर में कोरोना संक्रमण मिला है, वह शनिवार के पहले यहां कई लोगों से नियमित मिलते थे। वह एम्स में महत्वपूर्ण पद पर हैं। उनके संपर्क में आने वाले कुछ लोगों के नमूने स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए भेज दिया है।
गोरखपुर में कोरोना के तीन नए केस, अब तक 148 संक्रमित
इस बीच गोरखपुर में कोरोना के तीन नए मरीज मिले हैं। इस तरह अब तक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 148 हो गई है। 46 एक्टिव मरीज हैं, जिनका इलाज चल रहा है। आज एक व्यक्ति स्वस्थ हुआ है। इस तरह स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 54 हो गई है। अब तक कोरोना से आठ लोगों की मौत हो चुकी है।
सिद्धार्थनगर में कोरोना वायरस के 12 नए मामले, 163 हुई संक्रमितों की संख्या
बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से सिद्धार्थनगर की 198 लोगों की रिपोर्ट जारी की गई। इसमें 186 निगेटिव और 12 पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें छह मरीज ऐसे हैं जो संक्रमित के सम्पर्क में आने पर पॉजिटिव मिले हैं। जिले में अब तक पॉजिटिव मरीजों की संख्या 163 हो गई है। 16 मरीज बुधवार को स्वस्थ हो कर डिस्चार्ज हो गए। अब तक कुल 116 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले में अब 59 एक्टिव केस हैं। अब तक 3841 लोगों की जांच हुई है, इसमें 3655 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 269 लोगों के जांच रिपोर्ट अभी आनी शेष है। पॉजिटिव मरीजों में खेसरहा ब्लाक के सेमरहना गांव निवासी एक युवक, मिठवल ब्लाक के भावपुर निवासी छह मरीज शामिल हैं। पांच मरीज मुम्बई से घर आये हैं, जबकि एक अहमदाबाद से घर आया था। बर्डपुर ब्लाक के सेमरहिया गांव के पांच एवं महदेइया का एक व्यक्ति शामिल है। सभी संक्रमित के सम्पर्क में आने पर जांच में पॉजिटिव मिले हैं। बाहर से आये सभी को होम क्वारंटाइन किया गया था। सीएमओ डॉ सीमा राय ने बताया कि पॉजिटव मिले मरीजों को सीएचसी बर्डपुर में आइसोलेट किया गया है। इस वक्त सीएचसी बर्डपुर में 27 मरीज भर्ती हैं। संतकबीर नगर में सात, बस्ती के रुधौली में 17, एल-टू फैसेल्टी बस्ती में नौ, बीआरडी मेडिकल कालेज में दो एवं एसजीपीजीआइ लखनऊ में एक मरीज का इलाज हो रहा है।
गोरखपुर-बस्ती मंडल में 20 पॉजिटिव, 968 हुई संक्रमितों की संख्या
बीआरडी मेडिकल कालेज से जारी नमूनों की रिपोर्ट में से गोरखपुर-बस्ती मंडल के 1087 नमूने निगेटिव पाए गए जबकि 20 कोरोना पॉजिटिव मिले। दोनों मंडलों में पॉजिटिव की कुल संख्या 968 पहुंच गई है। मंगलवार को सर्वाधिक पांच पॉजिटिव गोरखपुर में मिले। इसके अलावा देवरिया में चार, बस्ती, संत कबीरनगर, कुशीनगर, महराजगंज में दो-दो और सिद्धार्थनगर में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के चार और डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर कुल 206 नमूनों की जांच में 202 की रिपोर्ट निगेटिव आई जबकि चार में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी चारो संक्रमित बीआरडी मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हैं। इसके अलावा किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू), लखनऊ में भर्ती उरुवा के एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 145 हो गई है। इनमें 53 ठीक होकर घर जा चुके हैं। आठ की मौत हो चुकी है। 84 का इलाज चल रहा है। संक्रमित पाये गए मेडिकल कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टर स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और एक बाल रोग विभाग के हैं। इनकी उम्र क्रमश: 26, 34, 28 व 29 वर्ष है। सभी को कोरोना वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। मेडिकल कॉलेज में कोराना संक्रमित डॉक्टरों की कुल संख्या सात हो गई है। उरुवा के रहदौली निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति नोएडा में काम करते थे। तबीयत खराब होने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें केजीएमयू में भर्ती करा दिया गया।
डॉक्टरों के संपर्क में आने वालों की तलाश शुरू
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि सभी डॉक्टरों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। विभाग के लोगों के नमूने भी लिए जा रहे हैं। वार्डों को सैनिटाइज करा दिया गया है।
एम्स के एक डॉक्टर ऋषिकेश में पॉजिटिव
एम्स गोरखपुर के एक डॉक्टर ऋषिकेश में पॉजिटिव पाए गए हैं। वह शनिवार को वहां गए थे। वहां उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। परिसर में वह जहां-जहां आते-जाते थे, हर जगह को सैनिटाइज कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बताया कि उनकी आइडी भी ऋषिकेश की है। जांच भी वहीं हुई। इसलिए उनका मामला गोरखपुर में नहीं जोड़ा जाएगा। यहां एम्स में उनके संपर्क वालों की तलाश की जा रही है। सभी को क्वारंटाइन कराकर नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।