खेत में घास काट रहा था किशोर तभी तेंदुए ने कर दिया हमला
बस्ती जिले में घास काटने गए एक किशोर पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हालांकि उसने बचने की कोशिश की पर तेंदुआ नहीं छोड़ा और मार डाला।
गोरखपुर, जेएनएन। बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बैदोलिया गांव में गन्ने के खेत में घास काटने गए किशोर को तेंदुए ने हमला कर मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर वन संरक्षक पूरी टीम के साथ पहुंचे। घटना स्थल की जांच के बाद आसपास के लोगों को सजगता बरतने को कहा।
बैदोलिया गांव निवासी अमर प्रताप सिंह (14) पुत्र सर्वेश कुमार सिंह उर्फ कन्हैया सिंह शुक्रवार की सुबह घर से सौ मीटर दूर गन्ने के खेत में घास काटने चला गया। खेत में छिपे तेंदुआ ने उस पर अचानक हमला कर दिया। सीने व गले में गहरा घाव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर कई गन्ना टूटा मिला,इससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि अमर और तेंदुए के बीच संघर्ष भी हुआ। इसकी जानकारी दोपहर बाद लोगों को तब हो पाई जब विद्यालय से मृतक का बड़ा भाई समर प्रताप सिंह घर पहुंचा और छोटे भाई की तलाश करने लगा। वह उसे खोजते हुए गन्ने के खेत में पहुंचा,तो वहां के हालात देख फफक पड़ा। भाई अमर की रक्त रंजित लाश खेत में पड़ी थी। गुहार लगाने पर आसपास मौजूद लोग पहुंचे और शव को खेत से निकाला। अमर कक्षा 9 का छात्र था। पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रभारी निरीक्षक गौर संजय नाथ तिवारी मामले की गहनता से छानबीन कर रहे हैं।
दिखाई नहीं पड़ा तेंदुआ
बस्ती के वन संरक्षक एसएन मिश्र का कहना है कि किसी ने मौके पर जानवर को देखा नहीं है। हमला करने वाला तेंदुआ हो सकता है, क्योंकि किशोर के शरीर पर जिस तरह के घाव हैं वह तेंदुआ के हमले के लगते है। जानवर के पैर के निशान भी तेंदुआ के पैरों से मेल खा रहे हैं।
इससे पूर्व हर्रैया में निकला था तेंदुआ
हर्रैया थाना क्षेत्र के ग्राम फरदापुर गांव में 12 मई 2018 को सुबह पांच बजे आशीष तिवारी पुत्र शिवचरण तिवारी के घर के सामने एक तेंदुआ दिखा था। उसने घनश्याम पुत्र जगलाल व रामबदन पुत्र बिरजू पर हमला भी किया था। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हर्रैया पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए को राम उजागिर तिवारी के भुसौले में से काफी मशक्कत के बाद पकड़ा था।