नेपाल के हर घर में पहुंचेगा श्रीकृष्ण का ज्ञान व योग, निश्शुल्क हो रहा वितरण Gorakhpur News
काठमांडू केंद्र स्वयं तो निश्शुल्क गीता की प्रतियां लोगों तक पहुंचा ही रहा है। स्वयंसेवी संस्थाओं को भी प्रेरित कर रहा है कि वे आधे दाम पर पुस्तकें खरीदकर लोगों को उपलब्ध कराएं।
गोरखपुर, जेएनएन। गीताप्रेस के काठमांडू केंद्र ने गीता के माध्यम से नेपाल के हर घर में भगवान श्रीकृष्ण के ज्ञान, योग, वैराग्य का संदेश पहुंचाने का अभियान शुरू कर दिया है। अब तक दस हजार से अधिक गीता की पुस्तकें लोगों में निश्शुल्क बांटी जा चुकी हैं। सुदूर पहाड़ी हिस्से के गांवों-घरों में, जहां आसानी से पहुंचना मुश्किल है, वहां भी केंद्र के कार्यकर्ता हर मुश्किल का सामना करते हुए गीता पहुंचा रहे हैं।
गीता जयंती से शुरू है अभियान
गीता जयंती (8 दिसंबर 2019) पर शुरू यह औपचारिक कार्यक्रम अब अभियान का रूप ले चुका है। पहले स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों पर जाकर कार्यकर्ता नेपाली भाषा में प्रकाशित 'सरल गीता पुस्तक बांट रहे थे। इससे लोगों तक गीता तो पहुंच रही थी लेकिन यह पता चलना काफी मुश्किल था कि किस घर में पुस्तक पहुंची और कहां नहीं। इसलिए गीताप्रेस के काठमांडू केंद्र ने गांवों में गीता को पहुंचाने का अभियान शुरू किया है, जिससे हर घर में गीता पहुंच सके।
स्वयंसेवी संस्थाओं की ली जा रही मदद
काठमांडू केंद्र स्वयं तो निश्शुल्क गीता की प्रतियां लोगों तक पहुंचा ही रहा है। स्वयंसेवी संस्थाओं को भी प्रेरित कर रहा है कि वे आधे दाम पर पुस्तकें खरीदकर लोगों को उपलब्ध कराएं। कई संस्थाएं इस कार्य में आगे आई हैं। वे जिस गांव में जिन घरों तक गीता पहुंचा रही हैं, उनका डाटा भी केंद्र को उपलब्ध करा रही हैं।
आम लोग भी अभियान से जुड़े
गीताप्रेस काठमांडू केंद्र के व्यवस्थापक जयकिशन सारडा ने इस संबंध में कहा कि काठमांडू केंद्र ने नेपाल में प्रत्येक घर में गीता की पुस्तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। अनेक स्वयंसेवी संस्थाएं व आमजन केंद्र से जुड़कर इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं। यह कार्य श्रीगीता ज्ञान-प्रचार सेवा समिति के अंतर्गत किया जा रहा है।