गोरखपुर चिड़ियाघर में दिखेंगे इजराइल के जेब्रा, बरसात बाद लाए जाएंगे
इजराइल सरकार ने गोरखपुर के चिड़ियाघर जेब्रा को भेजने के लिए मंजूरी दे दी है। सितंबर अंत तक इजराइल से छह जेब्रा लखनऊ के चिड़ियाघर में आ जाएंगे। इन्हें वहां क्वारंटाइन किया जाएगा। उसके बाद दो-दो जेब्रा लखनऊ कानपुर व गोरखपुर चिड़ियाघर को दे दिये जाएंगे।
गोरखपुर, जितेन्द्र पाण्डेय। बरसात का सीजन समाप्त होने के बाद गोरखपुर के चिड़ियाघर में इजराइल के जेब्रा भी देखने को मिलेंगे। इजराइल सरकार ने जेब्रा को भेजने के लिए मंजूरी दे दी है। सितंबर अंत तक इजराइल से छह जेब्रा लखनऊ के चिड़ियाघर में आ जाएंगे। इन्हें वहां क्वारंटाइन किया जाएगा। उसके बाद दो-दो जेब्रा लखनऊ, कानपुर व गोरखपुर चिड़ियाघर को दे दिये जाएंगे।
सितंबर अंत तक लखनऊ चिड़ियाघर में आ जाएंगे तीन जोड़ी जेब्रा
लखनऊ चिड़ियाघर के स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर इजराइल सरकार छह जेब्रा दे रही है। जेब्रा भेजने से पूर्व इंटरनेशनल पेपर को लेकर कुछ कठिनाई आ रही थी। वह बाधा भी अब दूर हो चुकी है। सितंबर माह के अंत तक इजराइल सरकार तीन जोड़ी जेब्रा लखनऊ चिड़ियाघर भेज देगी। वहां क्वारंटाइन करने के बाद एक-एक जोड़ी जेब्रा को गोरखपुर, लखनऊ व कानपुर चिड़ियाघर को दिया जाएगा।
अधिक छायेदार है जेब्रा का बाड़ा
गोरखपुर चिड़ियाघर में अन्य जानवरों की अपेक्षा जेब्रा का बाड़ा अधिक छायेदार है। उसमें सेमल सहित चार बड़े-बड़े वृक्ष हैं, जिससे उसमें छाया अधिक रहती है।
प्रदेश में सिर्फ कानपुर चिड़ियाघर में है जेब्रा
प्रदेश में सिर्फ कानपुर चिड़ियाघर के पास जेब्रा है। कानपुर चिड़ियाघर के पास भी इकलौती ऐश्वर्या जेब्रा है। वर्ष 2013 में कानपुर चिड़ियाघर से जेब्रा बंकित को लखनऊ चिड़ियाघर भेजा गया था, लेकिन दो वर्ष बाद ही उसकी मौत हो गई थी। ऐसे में 2015 से ही लखनऊ चिड़ियाघर का जेब्रा का बाड़ा खाली है।
जेब्रा लाने के संबंध में लखनऊ चिड़ियाघर के निदेशक से वार्ता हुई थी। उन्होंने बताया है कि सितंबर अंत तक इजराइल से छह जेब्रा आ जाएंगे। इसके लिए इंटरनेशनल पेपर भी क्लीयर हो गए हैं। पशुपालन विभाग ने इजराइल सरकार को जेब्रा के जिन टेस्टों के लिए कहा था, वह कराए जा चुके हैं। लखनऊ आने के बाद जेब्रा की क्वारंटाइन अवधि पूरी होते ही गोरखपुर व कानपुर को दो-दो जेब्रा मिल जाएंगे। - डा. एच राजा मोहन, निदेशक, चिड़ियाघर।