Coronavirus: लुम्बिनी में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन स्थगित Gorakhpur News
लुम्बिनी नगर पालिका के मेयर कन्हैया चौधरी का कहना था कि यह कार्यक्रम सात दिन का था। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया।
गोरखपुर, जेएनएन। 2564वें बुद्ध जयंती पर पड़ोसी मुल्क नेपाल के लुम्बिनी कस्बे में होने वाले अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन पर कोरोना का ग्रहण लग गया है। सात दिवसीय कार्यक्रम का समापन बुद्ध पूर्णिमा के दिन (सात मई) महामाया मंदिर में पूजन के साथ समापन होने थे, जो रद्द हो गए। कपिलवस्तु स्तूप पर भी बौद्ध पर्यटकों के दर्शन-पूजन का कार्यक्रम निर्धारित था। इससे नेपाल के पर्यटन उद्योग को भी झटका लगा है। सम्मेलन में भारत समेत करीब 30 देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद थी।
यह होने थे कार्यक्रम
कार्यक्रम के संयोजक उपाध्यक्ष लुम्बिनी विकास कोष अवधेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बुद्ध जयंती पर रक्तदान, पौधरोपण, विश्वशांति पदयात्रा, मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाना था। दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध धर्म सम्मेलन का भी आयोजन होना था। लुम्बिनी स्थित मायादेवी प्रसूति यात्रा के बाद कपिलवस्तु स्तूप के दर्शन-पूजन के बाद कार्यक्रम का समापन होता, लेकिन लॉकडाउन के चलते कार्यक्रम नहीं हो सकेगा।
भारत समेत 30 देशों के प्रतिनिधियों की होनी थी उपस्थिति
कार्यक्रम में भारत समेत जापान, चीन, कंबोडिया, थाईलैंड, श्रीलंका, म्यांमार, भूटान, तिब्बत, हांगकांग समेत 30 देशों के प्रतिनिधियों को प्रतिभाग करना था। यह लोग बौद्ध दर्शन पर व्याख्यान देने के साथ इसके प्रचार-प्रसार पर भी विचार करना था। यह लोग कुशीनगर, श्रावस्ती, सारनाथ, बौद्धगया में दर्शन-पूजन करने के लिए जाने वाले थे।
तीन माह से चल रही थीं तैयारियां
लुम्बिनी नगर पालिका के मेयर कन्हैया चौधरी का कहना था कि यह कार्यक्रम सात दिन का था। सभी कार्यक्रमों के लिए योजना तैयार कर ली गई थी। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण इस वर्ष होने वाले अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन को स्थगित कर दिया गया है। आयोजन समिति ने तीन माह पूर्व ही तैयारियां शुरू कर दी थी। कई देशों की प्रमुख हस्तियों ने प्रतिभाग करने का आश्वासन दिया था। विदेशी पर्यटक भी पहुंचते। इनके नहीं आने से लुम्बिनी पर्यटन को झटका लगा है।