गोरखपुर चिडि़याघर का निर्माण कार्य 30 सितंबर तक हरहाल में पूरे होने चाहिए Gorakhpur news
मंडलायुक्त सबसे पहले प्राणि उद्यान का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिया कि प्राणि उद्यान के सभी कार्य हर हाल में तय अवधि में पूर्ण कर लिए जाने चाहिए।
गोरखपुर, जेएनएन। मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर ने निर्माणाधीन प्राणि उद्यान, नाला निर्माण, वाटर स्पोर्टस कांप्लेक्स, महंत दिग्विजयनाथ पार्क में मूर्ति स्थापना कार्य तथा चंपा देवी पार्क के बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यों की प्रगति का स्थलीय सत्यापन भी किया। उन्होंने वाटर स्पोर्टस कांप्लेक्स की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए तेजी से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्राणि उद्यान के सभी कार्यों को 30 सितंबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट बहुत ही महत्वपूर्ण है इसलिए शीघ्र पूरा कर इस वर्ष के अंत तक आम जनता के लिए खोल दें।
मुख्य अभियंता को निर्देश
मंडलायुक्त सबसे पहले प्राणि उद्यान का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम के जीएम को निर्देश दिया कि प्राणि उद्यान के सभी कार्य हर हाल में तय अवधि में पूर्ण कर लिए जाएं। प्राणि उद्यान के निदेशक को निर्देशित किया कि सीजेडए से समन्वय बनाकर निर्माण कार्य के साथ ही निरीक्षण एवं अन्य कार्यों को भी कराएं। उन्होंने मुख्य अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि प्राणि उद्यान के सामने से गुजरने वाले तार को मोनो पोल लगाकर शीघ्र ऊंचा कराएं। मंडलायुक्त ने प्राणि उद्यान के जल निकासी की व्यवस्था के लिए राजकीय निर्माण निगम को नाले का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निेर्देश दिया।
जल निकासी की व्यवस्था के लिए बनाए गए नाले का किया निरीक्षण
इसके उपरांत मंडलायुक्त तारामंडल क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था के लिए बनाए गए कच्चे नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता जलनिगम, मुख्य अभियंता गोरखपुर विकास प्राधिकरण तथा राजकीय निर्माण निगम के जीएम को संयुक्त रूप से भ्रमण कर नाले के संबंध में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने महंत दिग्विजय नाथ पार्क, नौका विहार में स्थापित होने वाली महंत दिग्विजय नाथ की प्रतिमा स्थल तथा चंपा देवी पार्क के बाउंड्रीवाल निर्माण का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष अनुज ङ्क्षसह, निदेशक प्राणी उद्यान, मुख्य अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता जलनिगम, मुख्य अभियंता जीडीए, अपर आयुक्त प्रशासन, संयुक्त विकास आयुक्त उपस्थित रहे।