यूपी के इस जिले में पुलिस पर हुए पथराव के मामले में दंपती गिरफ्तार, भेजा गया जेल Gorakhpur News
देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र के पड़री गुर्राव में दो दिन पूर्व पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
गोरखपुर, जेएनएन : देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र के पड़री गुर्राव में दो दिन पूर्व पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार चल रहे अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। आरोपितों पर गुंडा व गैंगस्टर की कार्रवाई भी करने की पुलिस की तैयारी है।
पुलिसिया कार्रवाई की गई तेज
दो दिन पूर्व दो पक्षों में मारपीट होने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हुए पथराव के बाद अब पुलिसिया कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस ने मुख्य आरोपित शिवप्रताप सिंह व उसकी पत्नी रीता सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपितों को जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष गोपाल प्रसाद ने कहा कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इनके खिलाफ दर्ज हुआ है मुकदमा
दो पक्षों में विवाद होने की सूचना पर भलुअनी थाने के उप निरीक्षक सहेंद्र पुलिस टीम के साथ रात को पहुंचे तो एक पक्ष के लोगों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया, जिससे दारोगा व सिपाही घायल हो गए। इस दौरान पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में पुलिस ने अरुण राव, तेज नारायण राव, आदित्य राव, आदर्श राव, गिरीश, रोहित, सुमित, विशाल, विकास, रुपेश, धुरेंद्र सिंह, विकेश राव, अभिषेक राव, गोबर्धन, रीता, मृत्युंजय, शिवप्रताप ङ्क्षसह, जयराम चौहान व 30 अज्ञात पर बलवा, मारपीट, पथराव, सरकारी कार्य में व्यवधान, तोड़फोड़ समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव में पुलिसिया दहशत, आरोपित परिवार के पुरुष सदस्य घर छोड़ फरार
पंचायत चुनाव के मतदान के बाद यह पहली बार यह विवाद नहीं हुआ है। मतदान के कुछ ही दिन बाद विवाद हुआ और इस मामले में भी आरोपित पक्ष के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुरुष सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। आरोपित पक्ष की महिलाओं का कहना है कि गिरफ्तारी के लिए भलुअनी पुलिस आई और तांडव किया। घर में मौजूद सामान तोड़ दिए गए और महिलाओं के सामने अपशब्दों का प्रयोग किया गया। दरवाजे पर पुलिस के पहुंचने व कुछ लोगों को हिरासत में लेने का वीडियो तथा तोड़े गए सामान का फोटो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने लगा है। थानेदार गोपाल प्रसाद का कहना है कि सामान महिलाएं खुद तोड़ीं हैं। पुलिस से बचने के लिए आरोप मढ़ रही है।