पुलिस की मौजूदगी में मनबढ़ों ने खैरा के प्रधान को जमकर पीटा
प्रधान की तहरीर पर पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने से कतरा रही है
संतकबीर नगर: धनघटा थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत खैरा में मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे खड़ंजा बनवा रहे प्रधान को कुछ मनबढ़ों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद ये लोग घटनास्थल से फरार हो गए। प्रधान पक्ष के लोगों का कहना है कि कार्य स्थल पर दारोगा व उनके साथी सिपाही की मौजूदगी में मनबढ़ों ने घटना को अंजाम दिया है। प्रधान की तहरीर पर पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने से कतरा रही है। प्रधान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह व जिलाध्यक्ष जगदीश चौधरी ने कहा कि यदि मनबढ़ों पर जल्द मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो प्रधान संघ थाने का घेराव करेंगे। वहीं पर धरना-प्रदर्शन देंगे।
धनघटा थाने में दी गई तहरीर में खैरा के प्रधान रामसबल पुत्र भूखल ने यह उल्लेख किया है कि वह अनुसूचित जाति के हैं। वह गांव में मंगलवार को सुबह करीब नौ बजे खड़ंजा लगवा रहे थे। इसी दौरान गांव के छह लोग मौके पर पहुंचे। ये लोग उन्हें अपशब्द कहने लगे। स्वयं को बचाने के लिए प्रधान खामोश रहे। इस बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर एक दारोगा के साथ तीन सिपाही मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ही मनबढों ने उनकी पिटाई कर दी। मारपीट देखकर पुलिस कर्मी बीच-बचाव करने के बजाय फरार हो गए। किसी तरह से वह मनबढ़ों से जान बचाकर थाने पर पहुंचे और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उचित कार्रवाई करने के बजाय उन्हें शांत रहने की नसीहत दी। हालांकि थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।