कांशीराम आवास में हैंडपंप से पानी भरकर ले जा रहे तीसरी मंजिल तक, जानिए क्या है मामला Gorakhpur News
कुशीनगर जिले के कप्तानगंज उपनगर स्थित कांशीराम शहरी आवास कालोनी में रह रहे लोग अब पुराने घर जाने के लिए मजबूर हो गए हैं। परिसर में बनी नालियां व शौचालय की टंकियां जर्जर हो गई हैं। पेयजल का भी मुकम्मल इंतजाम नहीं है।
गोरखपुर, जेएनएन : कुशीनगर जिले के कप्तानगंज उपनगर स्थित कांशीराम शहरी आवास कालोनी में रह रहे लोग अब पुराने घर जाने के लिए मजबूर हो गए हैं। परिसर में बनी नालियां व शौचालय की टंकियां जर्जर हो गई हैं। पेयजल का भी मुकम्मल इंतजाम नहीं है। परिसर में लगे इंडिया मार्क टू हैंडपंप से दूषित पानी निकल रहा तो तीसरी मंजिल की टोटियों तक जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।
बहुमंजिली कालोनी का निर्माण कराकर पात्रों को आवंटित किया गया था आवास
पूर्ववर्ती बसपा सरकार ने नगरीय इलाकों में झोपड़ी में रह रहे लोगों को पक्का आवास देने का निर्णय लिया था। नगरपालिका व सभी नगर पंचायतों में कांशीराम शहरी गरीब आवास योजना में बहुमंजिली कालोनी का निर्माण कराकर चयनित पात्रों को आवंटित किया गया था। रख-रखाव व मरम्मत के अभाव में भवन जर्जर होने लगे हैं तो शुद्ध जल का भी इंतजाम ठीक नहीं है। विद्युत पोल और तार भी जर्जर हो गए हैं। मजबूर होकर यहां रहने वाले पुराने घर को पलायन कर रहे हैं। कुछ लोगों ने अपना आवास किराए पर दे दिया है।
परेशानी नागरिकों की जुबानी
कांशीराम आवास में रहने वाले सगीर, आशा देवी, मंजर, सावित्री देवी, संजू, प्रमिला, सबरी, उर्मिला, शितलावती, रीता, रामप्रीत आदि ने बताया कि परिसर में गंदगी से पटी नालियां बजबजा रही हैं। भवन जर्जर हो गया है और कमरों के खिड़कियों के शीशे टूट चुके हैं। तीसरी मंजिल पर टोटियों में पानी नहीं पहुंचता है। नीचे से पानी भरकर ले जाना पड़ता है। चारों तरफ गंदगी का अंबार है। इससे संक्रामक बीमारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है। हैंडपंपों से पीला पानी निकल रहा है। पथ प्रकाश व हाईमास्ट खराब पड़े हैं। समस्याओं के समाधान के लिए नगर पंचायत कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।
शीघ्र ही समस्याओं का कराएंगे समाधान
एसडीएम देश दीपक सिंह ने कहा कि कांशीराम शहरी आवास कालोनी की समस्याओं की जानकारी नहीं है। नगर पंचायत के ईओ से कहकर शीघ्र समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।