इंजन में आई खराबी तो नदी में पांच किमी तक बह गई नाव,जानिए कैसे आई किनारे
देवरिया जिले के बरहज में सरयू नदी में नाव के इंजन में आई खराबी से लोगों की सांस करीब दो घंटे तक अटकी रही। नदी की जलधारा में नाव पांच किमी दूर मऊ जिले के धर्मपुर के बिंद टोले के पास बहकर पहुंची।
गोरखपुर, जागरण संवाददाता : देवरिया जिले के बरहज में सरयू नदी में नाव के इंजन में आई खराबी से लोगों की सांस करीब दो घंटे तक अटकी रही। नदी की जलधारा में नाव पांच किमी दूर मऊ जिले के धर्मपुर के बिंद टोले के पास बहकर पहुंची। नाव पर सवार बक्सा बनाने वाले मिस्त्री ने इंजन को ठीक किया। तब नाव को बरहज घाट पर लाया गया।
बरहज घाट व परसिया देवार के बीच नाव का हो रहा संचालन
लोक निर्माण विभाग की तरफ से सरयू नदी के बरहज घाट व परसिया देवार घाट के बीच नाव का संचालन किया जा रहा था। दो दिन पहले एक नाव के डूबने व दूसरे नाव के इंजन में खराबी आने से संचालन ठप हो गया है। कुछ नाविक जुगाड़ के इंजन से नाव का संचालन कर रहे हैं। सुबह करीब 11 बजे परसिया देवार घाट से जुगाड़ के इंजन वाले नाव पर चार बाइक के अलावा करीब 20 लोग सवार थे। नाव अभी 15 से 20 मीटर ही आगे बढ़ी थी कि अचानक इंजन के गैसकिट में खराबी आ गई। नाव अनियंत्रित होकर जलधारा में बहने लगी। यह देखकर लोग चिल्लाने लगे। नाव बहते हुए आगे बढ़ने लगी।
बक्सा बनाने वाले मिस्त्री ने डेढ़ घंटे में ठीक कर दिया इंजन
नाव पर सवार बक्सा बनाने वाले मिस्त्री ने औजार से इंजन को ठीक करने की कोशिश करने लगा। करीब डेढ घंटे की कोशिश के बाद इंजन को ठीक किया जा सका। नाव पर सवार परसिया देवार के रहने वाले विपिन चौहान, कमला यादव, विजय बहादुर पांडेय, राम परीखन आदि ने बताया कि नाव का इंजन बड़ी मुश्किल से ठीक हुआ। नाव पर सवार सभी लोग डरे सहमे थे।
दो दिन पहले भी इंजन में आई थी खराबी
सरयू नदी में बुधवार को भी परसिया देवार घाट से बरहज घाट के लिए आ रही नाव के इंजन की पंखी टूट गई थी, जिससे नाव मझधार में फंस गई थीत्र सवार कुछ लोगों ने तैरकर जान बचाई तो अन्य लोगों को छोटी नाव के जरिये तट पर सुरक्षित लाया गया था। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।
ठीके पर चलने वाली नावों का फिर शुरू होगा संचालन
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अखिलेश राम ने बताया कि नाव के इंजन में खराबी की सूचना मिली थी। ठीके पर चलने वाली नावों का संचालन फिर शुरू होगा। इसके लिए ठीकेदार से कहा गया है।