दहेज हत्या के जुर्म में पति व सास को आठ साल का कारावास Gorakhpur News
अपर सत्र न्यायाधीश ओम प्रकाश मिश्र ने पति और सास को आठ साल की कैद की सजा सुनाई है। साथ ही दो हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। अर्थदंड का भुगतान न करने पर अभियुक्तों को 20 दिन के अतिरिक्त कारावास की सजा काटनी पड़ेगी।
गोरखपुर, जेएनएन। दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का जुर्म सिद्ध पाए जाने पर अपर सत्र न्यायाधीश ओम प्रकाश मिश्र ने पति और सास को आठ साल की कैद की सजा सुनाई है। साथ ही दो हजार रुपये के अर्थदंड से भी दंडित किया है। अर्थदंड का भुगतान न करने पर अभियुक्तों को 20 दिन के अतिरिक्त कारावास की सजा काटनी पड़ेगी।
पनियरा, महराजगंज के मंसूरगंज निवासी टुक्कन की बेटी कुसुम की शादी चिलुआताल क्षेत्र के परमेश्वरपुर, टोला करहिया निवासी रामाशीष के साथ 11 जून 2012 को हुई थी। 28 मार्च 2013 को कुसुम की ससुराल में जलने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने इस मामले में पति रामाशीष, देवर बिरजू, सास वंशराजी, ननद सीमा और रामाशीष के दोस्त उमेश पर दहेज के लिए कुसुम की हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया था।
इस मामले में अदालत में अभियोजन का पक्ष रखते हुए सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता रविंद्र यादव और अजीत शाही ने अभियुक्तों को कठोर सजा देने की मांग की थी। बचाव पक्ष की भी दलीलें सुनने के बाद पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने पति और सास को दंडित करने का फैसला सुनाया है।
झाडफ़ूंक के बहाने जालसाज चार लाख के गहने लेकर फरार
चौरीचौरा क्षेत्र के गगड़ा गांव में झाडफ़ूंक के बहाने महिला से चार लाख के गहने ठग लिए हैं। ठगी का शिकार होने का पता चलने के बाद महिला ने संबंध में तहरीर दी है। शुरुआती छानबीन के आधार पर पुलिस ने घटना पर संदेह जताया है। गगड़ा गांव के अनिल कुमार गुप्त विदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। मंगलवार को दिन में एक युवक उनके घर पहुंचा और उनकी पत्नी संगीता गुप्ता से अपना परिचय पहुंचे हुए तांत्रिक के रूप में दिया। बातचीत के क्रम में उसने बताया कि अनिल कुमार की तबीयत काफी खराब होने वाली है। झाडफ़ूंक कर आने वाले इस संकट से उबरा जा सकता है। संगीता गुप्ता उसकी बातों में आकर झाडफ़ूंक के लिए तैयार हो गईं। तंत्र-मंत्र करने के दौरान युवक ने संगीता देवी से उनके सभी गहने लाने को कहा। उन्होंने गहने लाकर रख दिया। मौका देखकर जालसाज सारे गहने लेकर फरार हो गया। चौरीचौरा थानेदार संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।