दीवार छूते ही झुलस गए दंपती, पति की मौत, जानें-दीवार में कैसे उतरा करंट Gorakhpur News
दोनों एक साथ छत से सीढ़ी के सहारे नीचे उतर रहे थे। इसी बीच दीवार छूने से बिजली के संपर्क में आ गए। विद्युत स्पर्शाघात होते ही दंपती गंभीर रूप से झुलस गए और नीचे गिर गए।
गोरखपुर, जेएनएन। महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के गिरहिया गांव के परागपुर टोला में शुक्रवार की सुबह विद्युत स्पर्शाघात से दंपती झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां डाक्टर ने पति को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। गांव वालों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। जिसकी वजह से वहां स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश हैं।
घर में जगह न होने के कारण छत पर गए थे सोने
परागपुर टोला निवासी लालबहादुर (45) के घर पर उनकी दो बेटियां सीमा व रीमा दशहरा का मेला करने के लिए ससुराल से आई हैं। घर में सोने की जगह कम होने से गुरुवार की रात लालबहादुर पत्नी सुशीला देवी (43) के साथ छत पर सोने चले गए।
बगल के घर की दीवार से गई है बिजली तार
लाल बहादुर के घर के बगल की दीवार से बिजली का तार गुजर रहा है। नमी होने की वजह से दीवार में करंट आ रहा था। इस बात की जानकारी किसी को नहीं थी। सुबह चार बजे के करीब दंपती की आंख खुली।
सीढ़ी से उतर रहे थे दंपती
दोनों एक साथ छत से सीढ़ी के सहारे नीचे उतर रहे थे। इसी बीच दीवार छूने से बिजली के संपर्क में आ गए। विद्युत स्पर्शाघात होते ही दंपती गंभीर रूप से झुलस गए और नीचे गिर गए। बच्चों के चिल्लाने से गांव के लोग वहां पहुंचे और घायल को सीएचसी निचलौल पहुंचा। जहां डाक्टर ने लालबहादुर को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान गांव के लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया , लेकिन कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि सुशीला की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद परिजन सदमे में हैं। एसएचओ बिहागड़ ङ्क्षसह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बिजली विभाग को सूचना दे दी गई।