Move to Jagran APP

गोरखपुर के नयनसर टोल प्लाजा पर हियुवा नेता व कर्मचारियों में मारपीट Gorakhpur News

गोरखपुर के नयनसर टोल प्लाजा के कर्मचारियों और हिंदू युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष विजय शंकर यादव व उनके समर्थकों के बीच बुधवार को मारपीट हो गई। इस मामले में टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने दो नामजद व 25 अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Thu, 18 Mar 2021 01:25 PM (IST)Updated: Thu, 18 Mar 2021 01:25 PM (IST)
गोरखपुर के नयनसर टोल प्लाजा पर हियुवा नेता व कर्मचारियों में मारपीट Gorakhpur News
टोल प्‍लाजा के सीसी टीवी में कैद मारपीट की घटना। - सौंजन्‍य टोल प्‍लाजा प्रबंधन

गोरखपुर, जेएनएन। पीपीगंज इलाके में नयनसर टोल प्लाजा के कर्मचारियों और हिंदू युवा वाहिनी (हियुवा) के जिलाध्यक्ष विजय शंकर यादव व उनके समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने दो नामजद व 25 अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। हालांकि हियुवा जिलाध्यक्ष ने मारपीट करने के आरोप को निराधार बताया है। साथ ही उन्होंने टोल प्लाजा के कर्मचारियों पर अपने चालक से मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

loksabha election banner

यह है मामला

हियुवा जिलाध्यक्ष विजय शंकर यादव समर्थकों के साथ बोलेरो गाड़ी से गोरखपुर जा रहे थे। बताते हैं कि नयनसर टोला प्लाजा पर टोल टैक्स देने को लेकर कर्मचारियों के साथ उनका विवाद हो गया। टोल कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ ही देर में हियुवा जिलाध्यक्ष समर्थकों के साथ पहुंच गए। उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह से कर्मचारियों ने भाग कर जान बचाई। इस मामले में राम गोपाल कुशवाहा सहित टोल प्लाजा के दो कर्मचारियों की तरफ से तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हियुवा नेता ने लगाया आरोप

घटना के बाबत पूछे जाने पर विजय शंकर यादव ने मारपीट के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि वह जब भी टोल प्लाजा से गुजरते हैं, टोल टैक्स जमा करते हैं। बुधवार को भी उन्होंने टोल टैक्स जमा किया था। उन्होंने इसकी रसीद भी अपने पास होने का दावा किया है। साथ ही आरोप लगाया है कि टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने बिना बात के ही उनके चालक को बुरी तरह से पीट दिया था। इसकी जानकारी होने पर कुछ लोग एकत्र हो गए थे, लेकिन उन्होंने समझा-बुझाकर सभी लोगों को शांत करा दिया। पीपीगंज थानेदार सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने मारपीट की तहरीर दी है। घटना की छानबीन की जा रही है। दूसरी तरफ से अभी तक तहरीर नहीं मिली है।

टोल प्लाजा पर अक्सर होता है विवाद

स्थानीय लोगों और नयनसर टोल प्लाजा के कर्मचारियों के बीच टोल टैक्स को लेकर आए दिन विवाद होता रहा है। टोल प्लाजा के पांच किमी दायरे में आने वाले गांवों के लोगों को टोल टैक्स देने से छूट मिली हुई है। आरोप है कि टोल प्लाजा के कर्मचारी छूट देने से इन्कार करते हैं और जबरिया टोल टैक्स वसूल करते हैं। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.