समृद्ध बनाया गया रेल मदद पोर्टल व एप, अधिकतम आठ घंटे में हो जाएगा शिकायतों का निपटारा
Rail MADAD भारतीय रेलवे अब बिना मांगे ही रेल मदद पोर्टल पर यात्रियों की मदद करेगा। अगर किसी यात्री ने पोर्टल पर रिक्वेस्ट बिना कुछ लिखे भी भेज दी तो भी रेलवे उसका तत्काल संज्ञान लेगा। रेलकर्मी संबंधित यात्री को फोन कर कारण पूछेगा।
गोरखपुर, जेएनएन। रेल यात्रियों को आरामदायक यात्रा कराने के साथ ही सफर के दौरान हर मुश्किल का निदान करने को रेलवे तत्पर है। रेलवे ने इस दौरान यात्रियों को सफर में हर प्रकार का आराम देने के साथ उनके हर प्रकार के कष्ट दूर करने की योजना तैयार कर ली है। मदद पोर्टल पर अधिकतम आठ घंटा में ही उनकी हर प्रकार की शिकायत दूर हो जाएगी।
भारतीय रेलवे अब बिना मांगे ही रेल मदद पोर्टल पर यात्रियों की मदद करेगा। अगर किसी यात्री ने पोर्टल पर रिक्वेस्ट बिना कुछ लिखे भी भेज दी, तो भी रेलवे उसका तत्काल संज्ञान लेगा। रेलकर्मी संबंधित यात्री को फोन कर कारण पूछेगा। कोई समस्या होगी तो तत्काल निस्तारण करेगा। सुझाव को भी स्वीकार करेगा।
रेल मदद पोर्टल या एप से की गई शिकायत का समाधान अधिकतम आठ घंटे में होगा। रेलवे ने हर समस्या के निस्तारण की समय सीमा भी निर्धारित कर दी है। निर्धारित समय में समाधान नहीं हुआ, तो शिकायत उच्च अधिकारी तक पहुंचती जाएगी। जवाबदेही भी तय होगी। साथ ही निस्तारण की सूचना भी शिकायतकर्ता को देते हुए उससे फीडबैक भी मांगा जाएगा।
दरअसल, रेलवे बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर 139 की तरह शिकायत व सुझाव के सभी माध्यमों को रेल मदद पोर्टल व उसके एप में समायोजित कर दिया है। अब यात्री मोबाइल, लैपटाप या कंप्यूटर पर रेल मदद पोर्टल या एप के माध्यम से रेलवे तक अपनी बात पहुंचा सकते हैं।
शिकायतों के निपटारे में तीसरे पायदान पर था एनईआर
पूर्वोत्तर रेलवे मार्च 2020 तक शिकायतों के निपटारे में भारतीय रेलवे स्तर पर तीसरे पायदान पर काबिज था। कोरोना काल के चलते इधर गिरावट आ गई है। महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने समीक्षा के बाद संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निपटारे में पहले पायदान का लक्ष्य निर्धारित किया है। विभागों में शिकायतों का निस्तारण तेज हो गया है।
रेल मदद पोर्टल से ही होगा लिखित शिकायत का समाधान
रेलवे स्टेशन स्थित शिकायत पुस्तिका में भी कोई यात्री लिखित समस्या दर्ज करता है, तो उसका समाधान भी रेल मदद पोर्टल के माध्यम से होगा। रेल मदद पोर्टल व एप इंटरनेट मीडिया से भी जुड़ गया है। यात्री इंटरनेट मीडिया के किसी भी माध्यम पर शिकायत या सुझाव देंगे, तो वह सीधे रेल मदद पोर्टल पर पहुंच जाएगा। निर्धारित समय में उसका समाधान भी होगा।
सुविधा बेहतर करने का लगातार प्रयास
सीपीआरओ, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर, पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में रेलवे लगातार प्रयास कर रहा है। रेल मदद पोर्टल व एप को और बेहतर किया जाना भी इसी दिशा में एक कदम है।