पानी से घिरे शहर के आधा दर्जन मोहल्ले
शहर के बाहरी हिस्से में जलजमाव से नहीं निकल पा रहा पानी - बारिश के पानी से घिरे हैं करीब छह हजार लोग
देवरिया (जेएनएन): शहर में चार दिन से लगातार हो रही बारिश ने शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की दिनचर्या बदल दी है। करीब छह हजार लोग बारिश के पानी से घिरे हुए हैं। तमाम ऐसे लोग हैं, जो कार्यालय व अपने अस्पताल तथा प्रतिष्ठान पर नहीं जा पा रहे हैं।
अनियोजित तरीके से बसाए मोहल्लों में सबसे ज्यादा परेशानी है। इन मोहल्लों में जल निकासी का मुकम्मल इंतजाम नहीं है। इसके अलावा सड़क भी नहीं है। बारिश में जलजमाव से हर साल परेशान हो रहे हैं।
-
इन मोहल्लों में है जलभराव की समस्या
शहर के अली नगर, शहीद नगर, स्वास्तिक नगर व साहू टोला, सोमनाथ नगर साकेतनगर पूर्वी, उमानगर, गायत्रीपुरम आदि मोहल्ले पानी से घिरे हैं।
-
नागरिकों की सुनिए पीड़ा -बारिश से हर साल परेशान होना पड़ रहा है। जलभराव के चलते बच्चे एक सप्ताह से घर में कैद हैं। अस्पताल जाना मुश्किल हो गया है। प्रशासन जलभराव से मुक्ति देने की कार्ययोजना बनाए। जिससे लोगों को राहत मिल सके।
डा.राजेश राय
स्वास्तिक नगर नगर पालिका केवल टैक्स लेने का दबाव बनाती है लेकिन नागरिकों की समस्या पर ध्यान नहीं है। पांच दिन से पानी से घिरे हैं। कोई पूछने वाला नहीं है। केवल चुनाव में नेता आते हैं।
जीतेंद्र पांडेय
साकेतनगर
- -नागरिकों की समस्या से जनप्रतिनिधियों को कोई लेना-देना नहीं है। जलभराव से सभी लोग परेशान हैं। बीमार लोगों को अस्पताल ले जाना मुश्किल हो गया है। नगर पालिका के अधिकारियों से अनुरोध है कि मदद करें।
आदित्य कुमार
साकेतनगर
- जल निकासी का इंतजाम करने में नगरपालिका फेल हो गई है। नागरिक परेशान हैं। कोई भी हाल जानने आज तक नहीं आया। चार से घर में सभी लोग कैद हैं।
पंकज चौरसिया
साकेतनगर