Gorakhpur Weather: धूप की त्योरी चढ़ी और बढ़ने लगी उमस, तीन दिन बाद फिर होगी बारिश
Gorakhpur Weather 22 May 2021अधिक बारिश की वजह से धरती काफी नम है और वातारण की आर्द्रता भी बढ़ गई है। ऐसे में तेज धूप इस नमी का साथ पाकर उमस भरी गर्मी बढ़ा देगी। गर्मी का अहसास उससे चार-पांच डिग्री सेल्सियस अधिक होगा।
गोरखपुर, जेएनएन। अरब सागर के तूफान ‘टाक्टे’ के प्रभाव में बनी वायुमंडलीय परिस्थितियों की वजह से बीते बुधवार से शुरू हुआ अनवरत बारिश का सिलसिला शुक्रवार की दोपहर बाद थम गया। जैसे ही बारिश थमी, धूप फिर से अपने रौ में आ गई। नतीजतन चार दिन तक गर्मी से मिली राहत का अध्याय समाप्त हो गया। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय के मुताबिक अगले कुछ दिन तक धूप का यह तेवर बरकरार रहेगा, जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी।
धूप और नमी के मेल से कम तापमान में होगा अधिक का अहसास
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि अधिक बारिश की वजह से धरती काफी नम है और वातारण की आर्द्रता भी बढ़ गई है। ऐसे में तेज धूप इस नमी का साथ पाकर उमस भरी गर्मी बढ़ा देगी। दर्ज किए गए तापमान का जो आंकड़ा होगा, गर्मी का अहसास उससे चार-पांच डिग्री सेल्सियस अधिक होगा। मौसम विज्ञान की भाषा में इसे हीट इंडेक्स कहते हैं। तापमान के वर्तमान आंकड़े की बात की जाए तो उसमें भी तेजी से इजाफा हुआ है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बीते 31 वर्षाें में मई में सबसे कम अधिकतम तापमान है। लेकिन शुक्रवार को दोपहर बाद निकली धूप ने 24 घंटे के अंदर ही इसे 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया। यानी करीब छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो गई। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार शनिवार को इसके 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। शनिवार की सुबह का तापमान में 24 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकार्ड किया गया, शुक्रवार की सुबह यह 22.8 डिग्री सेल्सियस था।
26 तक फिर बन रहे बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि उमस भरी गर्मी पर विराम लगने की वायुमंडलीय परिस्थितियों की भूमिका एक बार फिर तैयार होने लगी है। 24 मई तक जम्मू के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ बनने जा रहा है। 26 मई तक यह गोरखपुर सहित समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की वजह बन सकता है।