Gorakhpur Weather: उमस ने बढ़ाई बेचैनी, गोरखपुर में बारिश के आसार-गर्मी से मिल सकती है निजात
Gorakhpur Weather मौसम विशषेज्ञ ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी क्षेत्र में भी एक निम्न वायुदाब क्षेत्र बन गया है जो मानसूनी हवाओं को आमंत्रण दे रहा है। ऐसे में रविवार से सोमवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला भी शुरू हो सकता है।
गोरखपुर, जेएनएन। शनिवार की सुबह भी लोग उमस से परेशान देखे गए। बादल व धूप के बीच कशमकश जारी है। जिसने उमस को और बढ़ा दिया है। शाम तक बारिश के भी आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ का मानना है कि बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय का कहना है कि पंजाब से निकलकर दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश होते हुए झारखंड और बंगाल की खाड़ी तक हवा के कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी की ओर से चल रही पुरवा हवाएं पूर्वी उत्तर प्रदेश के वातावरण की नमी को निरंतर बढ़ा रही हैं। ऐसे में दोपहर या शाम तक गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश का भी पूर्वानुमान है।
रविवार से शुरू होगा मानसूनी बारिश का सिलसिला
मौसम विशषेज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तरी क्षेत्र में भी एक निम्न वायुदाब क्षेत्र बन गया है, जो मानसूनी हवाओं को आमंत्रण दे रहा है। ऐसे में रविवार से लेकर सोमवार तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का सिलसिला भी शुरू हो सकता है। वह बारिश तेज हवा के बीच बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ होगी। बारिश का यह सिलसिला चार से पांच दिन तक चल सकता है। फिलहाल शनिवार की सुबह से ही उमस भरी गर्मी लोगों की बेचैन किए हुए है।
इसलिए रात में पड़ रही गर्मी
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार नमी पाकर धूप गोरखपुर सहित समूचे उत्तर प्रदेश का हीट इंडेक्स बढ़ा रही है, जिसके चल अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस होने के बावजूद लोगों को 45 डिग्री सेल्सियस की गर्मी का अहसास हो रहा है। गोरखपुर में शुक्रवार को नमी का आकड़ा 88 से 61 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया था। हीट इंडेक्स के चलते ही न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई है। शुक्रवार को सुबह यह 26.8 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान के अधिक होने के चलते ही लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही।
शुक्रवार की रात ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश
मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि बारिश होते ही हीट इंडेक्स का आंकड़ा गिर जाएगा और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। शुक्रवार को जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई है। कैम्पियरगंज क्षेत्र में जहां 22 मिलीमीटर बारिश हुई है, वहीं पीपीगंज क्षेत्र में 42 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ ने पूर्वानुमान जताया कि आज शहरी क्षेत्र में भी बारिश हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की आशंका जताई जा रही है।