लखनऊ के हजरतगंज की तरह नजर आएगा गोरखपुर का गोलघर, जल्द शुरू होगा काम Gorakhpur News
गोरखपुर के गोलघर की सभी दुकानों की दीवारों को एक रंग में रंगना है। बाजार को सजाने का पूरा खर्च व्यापारियों की ओर से ही वहन किया जा रहा है। यह कार्य शीघ्र शुरू होने जा रहा है।
गोरखपुर, उमेश पाठक। गोरखपुर का गोलघर बाजार प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज की तर्ज पर अपनी भव्यता एवं एकरूपता से सभी को आकर्षित करेगा। दुकानों को एक रंग में रंगने का काम लाकडाउन के बाद शुरू हुआ था लेकिन कुछ आपत्तियों के बाद काम को रोकना पड़ा था। अब गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) इस मामले में मध्यस्थता कर हल निकालेगा, जिससे काम फिर शुरू हो सके। बैठक में इस काम में लगे व्यापारियों के अलावा असंतुष्ट व्यापारियों को भी बुलाया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। बैठक में नगर निगम के लोग भी उपस्थित रहेंगे।
कुछ लोगों की आपत्तियों के बाद रोकना पड़ा था सुंदरीकरण का कार्य
गोलघर की सभी दुकानों की दीवारों को एक रंग में रंगना है। बाजार को सजाने का पूरा खर्च व्यापारियों की ओर से ही वहन किया जा रहा है। इस कार्य का जिम्मा संभाले गोलघर व्यापार मंडल के महामंत्री रवींद्र मौर्य ने बताया कि सभी दुकानों की दीवारें क्रीम कलर में होंगी। दुकानों पर केवल एक बोर्ड लगाया जाएगा। बोर्ड की चौड़ाई चार फीट की होगी। लंबाई में अंतर हो सकता है। बोर्ड का बेस मैरून रंग में रंगा जाएगा और उसपर सफेद रंग से लिखा जाएगा। सभी दुकानों के शटर नेवी ब्लू रंग से रंगे जाएंगे। बैंक आफ बड़ौदा तक काम पूरा हो चुका है लेकिन कुछ आपत्तियों के बाद काम रोकना पड़ा है।
हटानी होंगी अनावश्यक होर्डिंग
सुंदरीकरण करते समय गोलघर में लगी अनावश्यक होर्डिंग को भी हटाना पड़ेगा। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाने पर भी बात चल रही है। कई ब्रांडेड कंपनियों की बड़ी होर्डिंग होती है, उसे भी हटाया जाएगा। दुकान पर केवल एक बोर्ड लगाना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोलघर के सुंदरीकरण का निर्देश दिया था। होर्डिंग व अतिक्रमण हटाने का काम नगर निगम की टीम द्वारा किया जाएगा।
सुलझाया जाएगा विवाद
काम रुके होने पर व्यापारियों ने सदर सांसद रविकिशन से बात की थी। जिसके बाद जीडीए उपाध्यक्ष ने मंगलवार को अपने कक्ष में व्यापार मंडल के महामंत्री रवींद्र मौर्य व अन्य अधिकारियों से बात की थी। इसी बातचीत में आठ दिसंबर को जीडीए मं बैठक बुलाने पर सहमति बनी है। इसमें सुंदरीकरण के काम में विवाद के कारण आ रही रुकावट को दूर किया जाएगा। दूसरे पक्ष को भी बैठक में बुलाया जा रहा है।
हजरतगंज की तर्ज पर गोलघर का सुंदरीकरण होना है। इसको लेकर आठ दिसंबर को बैठक बुलाई गई है। इसमें व्यापारियों के सभी पक्ष शामिल होंगे। नगर निगम के अधिकारी भी बैठक में आएंगे। - राम सिंह गौतम, सचिव, जीडीए