गोरखपुर महोत्सव : 12 एवं 13 जनवरी को होगा महोत्सव, तैयारियां शुरू Gorakhpur News
इस वर्ष गोरखपुर महोत्सव तीन की बजाय दो दिन का ही होगा। इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। 12 एवं 13 जनवरी को इसका आयोजन विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इस बार भी कृषि सरस एवं पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस साल गोरखपुर महोत्सव तीन की बजाय दो दिन का ही होगा। इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है। 12 एवं 13 जनवरी को इसका आयोजन विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी प्रोटोकाल का पालन करना होगा। इस बार भी कृषि, सरस एवं पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयुक्त सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर ने कहा कि स्थानीय कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए गोरखपुर महोत्सव 2021 का आयोजन किया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव स्थानीय कलाकारों के लिए एक बड़ा मंच है। उन्होंने क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी को निर्देश दिया कि पारंपरिक खेलों का आयोजन महोत्सव के दौरान कराया जाए। हर साल हाकी, फुटबाल, कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी आदि खेलों का आयोजन किया जाता है। खेल विभाग की ओर से इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। मंडलायुक्त ने कहा कि महोत्सव के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा। सैनिटाइजर का प्रयोग जरूरी होगा तथा सभी को मास्क पहनना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन स्थल को अच्छी तरह से सैनिटाइज कराया जाए। बैठक में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी की ओर से महोत्सव के संबंध में कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। मंडलायुक्त ने दो दिन पहले हुई बैठक में कार्ययोजना तैयार करने को कहा था।
मंडलायुक्त न पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया कि एजेंडे के अनुसार महोत्सव की तैयारियां की जाएं। यदि व्यवस्था में किसी प्रकार की दिक्कत आ रही हो तो उसे उनके संज्ञान में लाया जाए, जिससे समस्या का त्वरित निस्तारण कराया जा सके। बैठक में जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन, अपर आयुक्त प्रशासन अजय कांत सैनी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी इंद्रजीत सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर आरके श्रीवास्तव आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
यह होगा महोत्सव का प्रारूप
12 जनवरी
लोकरंग : दोपहर 12 बजे से शाम तीन बजे तक (डीडीयू में)
उद्घाटन कार्यक्रम : शाम तीन से पांच बजे तक (डीडीयू में)
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम : शाम छह से सात बजे तक (डीडीयू में)
फैशन-शो प्रतियोगिता : शाम सात से आठ बजे तक(डीडीयू में)
खेल प्रतियोगिता : पूरे दिन (क्षेत्रीय स्पोट्र्स स्टेडियम में)
नाट्य मंचन : युवा दिवस के अवसर पर विवेकानंद के जीवन पर आधारित (दीक्षा भवन, डीडीयू में)
संगोष्ठी/कार्यशाला : गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन और गोरखपुर को रेडिमेड गारमेंट उद्योग का हब बनाने पर (दीक्षा भवन, डीडीयू में)
13 जनवरी
समापन समारोह : शाम तीन से पांच बजे तक (डीडीयू में)
सबरंग : दोपहर 12 बजे से पूरे दिन (डीडीयू में)
रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम : शाम छह से सात बजे तक (डीडीयू में)
खेल प्रतियोगिताएं : पूरे दिन (क्षेत्रीय स्पोट्र्स स्टेडियम में)
संगोष्ठी/कार्यशाला : स्वास्थ क्षेत्र में बचाव का महत्व और पूर्वांचल में पर्यटन विकास की संभावनाएं। (दीक्षा भवन, डीडीयू में)
आ सकते हैं सोनू निगम, चल रहा मंथन
कोविड को देखते हुए इस बार गोरखपुर महोत्सव में फिलहाल बालीवुड नाइट को स्थान नहीं दिया गया है। लेकिन यह नाइट नहीं होगी, ऐसा अभी अंतिम रूप से तय नहीं हो सका है। बीते वर्ष राष्ट्रीय शोक के चलते महोत्सव का हिस्सा नहीं बन सके मशहूर बालीवुड सिंगर सोनू निगम को इस बार बुलाने पर शासन-प्रशासन स्तर पर मंथन चल रहा है। सोनू निगम ने बीते वर्ष नाइट के लिए 40 लाख रुपये लिए थे। प्रशासन की कोशिश है कि उस धनराशि में ही इस बार सोनू की महोत्सव में प्रस्तुति सुनिश्चित की जाए। इसे लेकर सोनू से बातचीत का सिलसिला जारी है। साथ ही इसे लेकर भी मंथन चल रहा है कि अगर बालीवुड नाइट होती है तो उस दौरान कोविड प्रोटोकाल का पालन कैसे होगा।