Gorakhpur Coronavirus Updates: गोरखपुर में पांच की मौत, कुशीनगर के सांसद विजय दूबे समेत 274 नए लोग संक्रमित
Gorakhpur Coronavirus Updates गोरखपुर में शुक्रवार को कोरोना संक्रमित पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 274 नए लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए।
गोरखपुर, जेएनएन। गोरखपुर में शुक्रवार को पांच संक्रमितों की मौत हो गई। इस बीच 684 नमूनों की जांच की गई जिसमें 410 निगेटिव व 274 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 134 मरीज शहर के हैं। इसमेें सबसे ज्यादा 45 मरीज शाहपुर थाना क्षेत्र के हैं। संक्रमितों की कुल संख्या 6726 हो गई है।
गोरखपुर में अब मौतों का आंकड़ा सौ पर पहुंच गया है। 1153 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 2778 लोग होम आइसोलेशन से मुक्त हो गए हैं। 2695 लोगों का इलाज चल रहा है। प्रभारी सीएमओ डॉ. नंद कुमार ने इसकी पुष्टि की। कुसम्हीं बाजार निवासी 67 वर्षीय रामबेलास गुप्ता कोरोना के साथ ही किडनी, शुगर, बीपी की बीमारी से पीड़ित थे। बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था।
शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। वहीं भर्ती खजनी के आशापार निवासी 30 वर्षीय रीमा व मोगलहा के 61 वर्षीय वीरेंद्र डे की गुरुवार को देर रात मौत हो गई। इसी अस्पताल में भर्ती बरगदवां के 50 वर्षीय देवेंद्र नाथ चौधरी की 15 अगस्त व टीबी अस्पताल में भर्ती मानीराम के 44 वर्षीय विकास सिंह की 12 अगस्त को मौत हो चुकी है। उनकी मौत शुक्रवार को पोर्टल पर अपलोड की गई। संक्रमितों में बीआरडी के दो डॉक्टर व फातिमा अस्पताल के निदेशक भी संक्रमित पाए गए हैं। बीआरडी व रेलवे अस्पताल के सात-सात कर्मचारी भी पॉजिटिव मिले हैं।
कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे भी संक्रमित
कुशीनगर में जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे लोग भयभीत हैं। शक्रवार को मेडिकल कॉलेज से मिली 823 नमूनों की रिपोर्ट में 732 निगेटिव व 91 पॉजिटिव हैं। वहीं पडरौना नगर के साहबगंज निवासी कैलाश सोनी (56) की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। 24 घंटे में लोग स्वस्थ्य हुए हैं। संक्रमितों में सांसद विजय कुमार दूबे, उनकी पुत्री व गनर पॉजिटिव मिले हैं। साथ ही पडरौना के भिसवा सरकारी में एक, कसया के छह, दुदही के 10, सेवरही के दो, फाजिलनगर के आठ, नेबुआ नौरंगिया के 12, मोतीचक के तीन, सुकरौली के आठ, विशुनपुरा के पांच, खड्डा के सात, हाटा के पांच, कुबेरनाथ के 10, तमकुहीराज के पांच और अन्य क्षेत्रों के पांच लोग शामिल हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या 2309 पहुंच गई है। अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, कुल 1567 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
बस्ती में कोरोना के 37 केस, संक्रमितों की संख्या 2057 हुई
बस्ती में शुक्रवार को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर और जिला अस्पताल के ट्रूनेट जांच मशीन व एंटीजन किट से 1127 की रिपोर्ट जारी की गई। 1090 निगेटिव जबकि गौर ब्लाक के प्रधान और संविदा कर्मी समेत 37 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ बस्ती जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2057 पहुंच गई है।
देवरिया में 116 लोग कोरोना पॉजिटिव, अब तक 3008 संक्रमित
देवरिया में जिले में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या थमने का नाम नहीं ले रही है। मेडिकल कालेज गोरखपुर व एंटीजन किट से हुई कुल 428 की जांच रिपोर्ट आई। जिसमें 116 लोग पॉजिटिव तथा 322 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव हैं। कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या 3008 पहुंच गई है। शुक्रवार को 98 लोग स्वस्थ हुए। जिले में अब तक कुल स्वस्थ होने वालों की संख्या 2076 पहुंच गई है। अभी तक 22 लोगों की मौत हुई है। इस वक्त एक्टिव केस 910 हैं।
महराजगंज में कोरोना से महिला की मौत, 96 नए मरीज मिले
महराजगंज जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को जिला महिला अस्पताल (कोविड हास्पिट) में भर्ती सोनौली निवासी सुंदरी 58 वर्षीय की इलाज के दौरान मौत हो गई है। महिला की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे बीते बुधवार को भर्ती कराया था। उधर शुक्रवार को पुलिस कर्मी, जिला अस्पताल के डाक्टर, समेत 96 नए मरीज पाए गए है। पॉजिटिव मरीजों में कोतवाली की महिला आरक्षी व सीएचसी फरेंदा के स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। 18 मरीज के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है।
सिद्धार्थनगर में 47 लोग कोरोना पॉजिटिव, कुल 1819 संक्रमित
सिद्धार्थनगर जिले में शुक्रवार को 1284 लोगों की रिपोर्ट आई। 1237 निगेटिव पाए गए। 47 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एसएसबी जवान, एसपीओ आफिस, वन विभाग, पुलिस, बैंक व एसडीएम सदर आवास पर तैनात कर्मचारी भी पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों की संख्या 1819 हो गई है। 463 एक्टिव केस हैं। 1239 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। जबकि 17 की मौत हो चुकी है।
संत कबीरनगर में एक की मौत, 42 नये पॉजिटिव मिले
संत कबीरनगर में कोरोना वायरस से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कोरोना से मरने वाले व्यक्तियों की संख्या बढ़कर अब 18 हो गई है। शुक्रवार को 1,042 नमूनों की रिपोर्ट आई। इसमें 1,000 निगेटिव वहीं तीन स्वास्थ्य कर्मी, एक पुलिस कर्मी समेत 42 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इस दिन 30 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हुए। कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर अब 1,703 हो गई है।
बस्ती जनपद के मूल निवासी व खलीलाबाद में कुछ साल से रहने वाले 55 वर्षीय एसएन सिंह की तबीयत बिगड़ने पर परिवार के सदस्य इन्हें मेडिको हास्पिटल-लखनऊ में ले गए थे। यहां पर जांच किए जाने पर ये कोरोना पॉजिटिव निकले। इसके बाद इन्हें लखनऊ में ही दूसरे निजी हास्पिटल मेकवेल में दाखिल कराया गया था। यहां पर इलाज के दौरान इनकी मौत हो गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पौली, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैंसर के एक-एक कुल तीन स्वास्थ्य कर्मी व पुलिस लाइन खलीलाबाद के एक पुलिस कर्मी जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं।
ब्लाकवार आंकड़ों पर नजर डालने पर पाएंगे कि सर्वाधिक खलीलाबाद ब्लाक में 12, बघौली ब्लाक में 10, मेंहदावल ब्लाक में आठ, बेलहरकलां ब्लाक में पांच, हैंसर बाजार ब्लाक में तीन, पौली ब्लाक में दो तथा सेमरियावां व सांथा ब्लाक में एक-एक कुल 42 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इस दिन 30 पॉजिटिव मरीज स्वस्थ हुए। अब तक 43,678 सैंपल की जांच हो चुकी है। इसमें 37,278 निगेटिव और 1,703 लोग जांच में कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। अब तक 18 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। जबकि 1,460 पाॅजिटिव मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 225 पाॅजिटिव मरीजों का उपचार चल रहा है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मोहन झा ने यह जानकारी दी है।