Gorakhpur coronavirus: गोरखपुर में कोरोना से एक की मौत, 43 में मिला संक्रमण
Gorakhpur coronavirus 27 November 2020 गोरखपुर और बस्ती मंडल में कोरोनावायरस से हुई मौत संक्रमितों की संख्या कोरोना से संबंधित अन्य जानकारियों के लिए पढ़ें जागरण डाट काम की खबरें। अपडेट की जानकारी के लिए कृपया बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। एक संक्रमित की मौत हो गई है। गुरुवार को कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में 1547 निगेटिव व 43 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 19 शहर के हैं। अब जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 19911 हो गई है। 321 की मौत हो चुकी है। 19136 स्वस्थ हो चुके हैं। 454 सक्रिय मरीज हैं। सीएमओ डा. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की है।
शहर के रहने वाले 60 वर्षीय व्यक्ति बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कालेज के कोरोना वार्ड में भर्ती थे। बुधवार की देर रात उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच की संख्या बढ़ा दी है। बावजूद इसके नवंबर माह में संक्रमितों की संख्या अधिकतम 50 के आसपास ही रही। इससे विभाग आश्वस्त है कि अब कोरोना दम तोड़ रहा है।
निर्मूल हुई कोरोना फैलने की आशंका
छठ में दिल्ली से आए लोगों के चलते जिले में कोरोना संक्रमण फैलने की आशंका थी। लेकिन छठ बीते सात दिन हो गए। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इतने दिन में लक्षण आ जाते हैं। इसका मतलब संक्रमण का फैलाव नहीं हुआ है। छठ पर बाहर से आए लोग भी वापस लौट रहे हैं।
लापरवाहियां बढ़ीं
कोरोना के कम होने के साथ ही आम जन की लापरवाहियां बढ़ गई हैं। बाजारों में भीड़ उमड़ रही है। शारीरिक दूरी का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। अब ज्यादातर लोग मास्क भी नहीं लगा रहे हैं। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। लगातार लोगों को कोरोना से बचाव के नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शारीरिक दूरी का रखें ध्यान
सीएमओ ने लोगों ने अपील की है कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है, सिर्फ कम हुआ है। इसलिए लापरवाही न बरतें। शारीरिक दूरी का पालन करें। मास्क जरूर लगाएं। भीड़ में जाने से बचें। यह हम सभी के लिए बहुत जरूरी है।