Gorakhpur coronavirus:: एक की मौत, 32 में मिला संक्रमण
Gorakhpur coronavirus 26 December 2020 गोरखपुर और बस्ती मंडल में कोरोनावायरस से हुई मौत संक्रमितों की संख्या कोरोना से संबंधित अन्य जानकारियों के लिए पढ़ें जागरण डाट काम की खबरें। अपडेट की जानकारी के लिए कृपया बने रहें हमारे साथ।
गोरखपुर, जेएनएन। एक संक्रमित की मौत हो गई। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के नमूनों की जांच में 1525 निगेटिव व 32 में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें 16 लोग शहर के हैं। जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 20846 हो गई है। 339 की मौत हो चुकी है। 20204 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 302 सक्रिय मरीज हैं। सीएमओ डा. श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि की।
पिपरौली के जादवपुर, कुसमौल निवासी 36 वर्षीय व्यक्ति लखनऊ के एक कोविड अस्पताल में भर्ती थे। गुरुवार की देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। सीएमओ ने आम जन से बचाव की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना को लेकर विशेष सावधानी बरतें। नया स्ट्रेन सामने आ चुका है। यूरोप से 41 लोग लौटे भी हैं। ऐसे में सावधानी ही सबसे बड़ा हथियार है। इसी के बल पर हम कोरोना को हराने के करीब हैं। शारीरिक दूरी का ध्यान रखें और मास्क जरूर लगाएं।
देवरिया में सिर्फ एक नया केस
देवरिया जिले में कोरोना का संक्रमण धीरे-धीरे कम हो रहा है। मेडिकल कालेज गोरखपुर से आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 1101 निगेटिव व एक पाजिटिव हैं। पाजिटिव आए संक्रमित को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 6684 हो गई है। अभी तक कुल 6485 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। शुक्रवार को आधा दर्जन स्वस्थ कोरोना संक्रमित हुए। जिले में अभी भी 107 सक्रिय केस है। अभी तक 92 लोगों की मौत हो चुकी है। विभाग कोरोना संक्रमितों की तलाश में लगातार कोरोना की जांच कर रहा है। होमआइसोलेशन में 35 लोगों का इलाज चल रहा है। जबकि एलटू अस्पताल में मात्र एक मरीज भर्ती है।
कुशीनगर में छह नए केस
कुशीनगर जिले के सरकारी अस्पतालों से भेजे गए नमूनों में शुक्रवार को कुल 806 की जांच रिपोर्ट मिली, जिसमें 800 निगेटिव व छह नए कोरोना पाजिटिव हैं। सीएमओ डा. एनपी गुप्त ने बताया कि कुल 5622 संक्रमितों में अब तक 5537 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 25 हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल व मेडिकल कालेज गोरखपुर में चल रहा है। पाजिटिव के संपर्क में आए लोगों की स्वास्थ्य विभाग की टीम सूची बना रही है, जिससे उनकी भी जांच कराई जा सके। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को घर में रहने की सलाह दी गई है।