Today's Major Programs In Gorakhpur: आज से शुरू होगा एमएड में प्रवेश, आयोजित होंगे कई अन्य कार्यक्रम
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय विभाग ने एमएड (स्ववित्तपोषित) 2020-22 का प्रवेश कार्यक्रम बना लिया है। 20 और 21 जनवरी को संकाय भवन में प्रवेश प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तीसरे दिन अनियमित यातायात के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
गोरखपुर, जेएनएन : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय विभाग ने एमएड (स्ववित्तपोषित) 2020-22 का प्रवेश कार्यक्रम बना लिया है। 20 और 21 जनवरी को संकाय भवन में प्रवेश प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर बाद दो बजे का समय तय किया गया है। प्रवेश परीक्षा सूचकांक के आधार पर प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। विभाग के अध्यक्ष एनपी भोक्ता ने बताया कि सभी प्रवेशार्थियों केा प्रवेश के लिए अपना समस्त मूल प्रमाण-पत्र, अधिभार प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, दो फोटो और समस्त प्रमाण पत्रों की छायाप्रति के साथ आना होगा।
सड़क सुरक्षा माह के तहत चलेगा अभियान
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तीसरे दिन बुधवार को अनियमित यातायात के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। परिवर्तन अधिकारियों की टीम यातायात के नियमों के अलावा वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप (परावर्ती टेप) की भी जांच करेगी। मंडियों व चीनी मिलों में खड़े वाहनों पर परावर्ती टेप लगाए जाएंगे। इस दौरान अनियमितता पर कार्रवाई होगी, साथ ही लोगों को जागरूक भी किया जाएगा।
मनाया जाएगा स्थापना समारोह
पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, जाफऱा बाजार शाखा का स्थापना दिवस समारोह 20 जनवरी को अपराह्न 3:00 बजे से राधा कृष्ण मंदिर, कल्याणपुर में मनाया जाएगा। यह जानकारी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अमिय रमण ने दी।
आयोजित होंगे अन्य कार्यक्रम
बेसिक शिक्षा विभाग में नवनियुक्त शिक्षकों का प्रशिक्षण डायट में सुबह 9.30 बजे से होगा। बशातरपुर स्थित चतुर्वेदी कैंसर हास्पिटल में सुबह 10 बजे से स्वास्थ्य जागरूकता कैंप का आयोजन होगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का स्वयं सिद्ध कार्यक्रम गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में सुबह 11 बजे से मनाया जाएगा। श्री गुरु गोविंद सिंह महराज की जयंती के अवसर पर गुरुवाणी, शब्द कीर्तन एवं गुरु मत विचार गुरुद्वारा मोहद्दीपुर में दोपहर 1.30 बजे से होगी। फुटबाल लीग का फाइनल सेंट एंड्रयूज कालेज के मैदान में दोपहर दो बजे से खेला जाएगा। श्रीमद् भागवत महापुराण कथा गीता वाटिका में अपराह्न तीन बजे से होगा।