दो दिन के कर्फ्यू ने बदल दी गोरखपुर की आबोहवा, घट गया एक्युआई का लेवल
गोरखपुर में दो दिन की साप्ताहिक बंदी के चलते सड़क पर वाहनों का आवागमन नाम मात्र का रहा। वाहनों का आवागमन ठप होने से वायु प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। इससे एक्युआई के स्तर में सुधार हुआ है।
गोरखपुर, जेएनएन। पिछले पांच दिनों शहर की हवा बेहद स्वच्छ हुई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्युआई) 180 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर से घटकर 123 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर पर पहुंच गया है। मौसम व पर्यावरण के जानकारों का मानना है कि यह दो दिनों की साप्ताहिक बंदी के चलते है। उनका कहना है कि 100 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर एक्युआई की हवा फेफड़ों की लिए पूरी तरह स्वच्छ मानी जाती है। ऐसे में एक्युआई का 57 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर घटना लोगों के लिए लाभदायक है।
100 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर की हवा मानी जाती है शुद्ध
दो दिनों की साप्ताहिक बंदी के चलते सड़क पर वाहनों का आवागमन नाम मात्र का रहा। वाहनों का आवागमन ठप होने से वायु प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। इससे एक्युआई के स्तर में सुधार हुआ है। बीते 21 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल तक इसमें 57 माइक्रो ग्राम प्रति घन मीटर की गिरावट आई है।
पिछले पांच दिनों में शहर की एक्युआई (माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर में)
21 अप्रैल- 180
22 अप्रैल- 171
23 अप्रैल- 160
24 अप्रैल- 143
25 अप्रैल- 123
औसत से कम रहा रविवार का तापमान
रविवार का अधिकतम तापमान औसत से नीचे रहा। अप्रैल का औसत अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व औसत न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 37..8 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन हीट इंडेक्स के चलते लोगों ने 39..4 डिग्री सेल्सियस तक गर्मी महसूस की। न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। रविवार को पछुआ हवा की अधिकतम गति 13 किलोमीटर प्रति घंटे रही।
आज 40 डिग्री रह सकता है अधिकतम तापमान
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पाण्डेय ने पूर्वानुमान जताया है कि सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 40 व न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हवा दक्षिण से उत्तर पश्चिम की तरफ चल सकती है। इसकी अधिकतम 6 से 17 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।