Google Map बताएगा, कहां और किस रफ्तार से चल रही है आपकी ट्रेन, लोकेशन भी बताएगा Gorakhpur News
घने कोहरे में भी अब ट्रेन की सटीक लोकेशन गूगल मैप दे देगा। इस दिशा में रेलवे की पहल रंग ला रही है।
गोरखपुर, प्रेम नारायण द्विवेदी। आपकी ट्रेन कहां है और उसकी रफ्तार क्या है, यह जानने के लिए आपको न कहीं लाइन लगानी पड़ेगी और न ही कोई एप चलाना होगा। घने कोहरे में भी ट्रेन की सटीक लोकेशन गूगल मैप दे देगा। इस दिशा में रेलवे की पहल रंग ला रही है। नए साल में यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
सटीक जानकारी मिलेगी
सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) और इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) के संयुक्त प्रयास से ऐसा सिस्टम तैयार हुआ है, जो ट्रेनों की सटीक जानकारी देगा। इसके तहत इसरो ने जी-सैट सीरीज के सैटेलाइट की मदद से एक डिवाइस तैयार कर रिसीवर गगन से लिंकअप कर दिया है, जिसका ट्रायल शुरू हो चुका है। ट्रेनों के लोकेशन को अपडेट करने की जिम्मेदारी रियल टाइम ट्रेन इंफॉर्मेशन सिस्टम (आरटीआइएस) को दी गई है।
आटोमेटिक अपडेट होगा
इसी के तहत जीपीएस रिसीवर के जरिये ट्रेनों का लोकेशन कंट्रोल चार्ट पर आटोमेटिक अपडेट हो जा रहा है। नए साल में रेल यात्रियों को सभी सूचनाएं गूगल पर ही मिल जाएंगी। ट्रैक और ट्रेनों का डाटा तैयार हो रहा है, जिससे आने वाले समय में रेलवे की अधिकृत वेबसाइट और एप पर भी सटीक जानकारियां उपलब्ध होंगी।