सिद्धार्थनगर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, छह आरोपित गिरफ्तार Siddharthnagar News
सिद्धार्थनगर में नाबालिक से छह लोगों ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
सिद्धार्थनगर, जेएनएन। खेसरहा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग से छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं आरोपित व उनके नजदीकी आखिरी समय तक सुलह करने के लिए पीडि़ता व परिजनों पर दबाव बनाते रहे। घटना 24 मई रात करीब 11 बजे की है। पकड़े गए आरोपितों का नाम बबलू, वीरेंद्र, राजकुमार, मोहन, कुंजबिहारी व सोनू कुमार है।
पहले तीन ने किया दुष्कर्म, फिर दोस्तों को बुलाया
रात को एक नाबालिग नित्यक्रिया के लिए खेत में गई थी। वहीं पर पड़ोसी गांव के तीन युवक मौजूद थे। नाबालिग का मुंह बांध कर उठा ले गए। गांव के पास बह रही नदी के किनारे ले जाकर तीनों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद फोन करके तीन और दोस्तों को बुला लिया। इनमें से एक ने दुष्कर्म किया। जाते समय धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार देंगे। घर पहुंचने के बाद नाबालिग ने मां व बहन को आपबीती बताई। एसओ खेसरहा प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महिलाकर्मी ने अधिकारी पर लगाया अश्लील हरकत का आरोप
गोरखपुर के राप्तीनगर बस डिपो की एक महिलाकर्मी ने अधिकारी पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। उसने महिला आयोग और मुख्यालय के अधिकारियों से इसकी शिकायत की है। महिलाकर्मी का कहना है कि शिकायत करने पर डिपो के अधिकारी परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। जानबूझ कर उसका स्थानांतरण कचहरी बस स्टेशन पर कर दिया गया है। इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। लिखित शिकायत मिलती है तो जांच कराई जाएगी।