पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा- यह 2020 का भारत है, चीन को दे रहा मुंहतोड़ जवाब Gorakhpur News
1962 में भारतीय सेना युद्ध करने के लिए तैयार नहीं थी तब चीन को विजय मिली थी। इस बार ऐसा नहीं है। भारतीय सेना के साथ देश भी चीन को जवाब देने के लिए तैयार बैठा है।
गोरखपुर, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला ने कहा है कि यह 1962 का नहीं अपितु 2020 का भारत है। यह चीन को मुंहतोड़ जवाब देना जानता है। उसे जवाब भी दे रहा है। जहां तक 1962 की बात है तो उस समय भारतीय सेना युद्ध करने के लिए तैयार नहीं थी, तब चीन को विजय मिली थी। इस बार ऐसा नहीं है। भारतीय सेना के साथ देश भी चीन को जवाब देने के लिए तैयार बैठा हुआ है।
चीनी सेना की कायरतापूर्ण हरकत का मिला मुंहतोड़ जवाब
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने जारी बयान के माध्यम से कहा कि चीन की सेना ने पिछले दिनों जिस तरह से लद्दाख की गलवन घाटी में कायरतापूर्वक भारतीय सैनिकों पर हमला किया, उसका उसे चीन को मुंहतोड़ जवाब मिला। अब चीन की सेना भी समझ रही है कि भारत से विवाद करना आसान नहीं है। चीनी सैनिकों को जिस तरह से भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है, उससे चीन का तिलमिलाना वाजिब है। चीन अपने को शक्तिशाली देशों की श्रेणी में गिनता है। अब सैनिकों की लाश गिनने के बाद उसे पता चल गया है कि वह कितना शक्तिशाली है। वह अपने देश को बता नहीं पा रहा है कि उसके कितने सैनिक मारे गए हैं। चीन में सोशल मीडिया चीनी सरकार से इसका जवाब चाहती है, पर चीन खामोश है।
शीर्ष नेतृत्व ने लिया सराहनीय निर्णय
भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के 59 ऐप को वैन किया है। यह शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया गया सराहनीय निर्णय है। इससे चीन की अर्थव्यवस्था पर कड़ा प्रहार होगा। चीन को सिर्फ भारत ही नहीं अपितु दुनिया के तमाम देश सबक सिखाने की तैयारी में लगे हुए हैं। आने वाले दिनों में चीन का शक्तिशाली होने का दंभ हवा होने जा रहा है।
देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना बेहतर कदम
उन्होंने कहा कि भारत के 80 करोड़ लोगों को नवंबर तक मुफ्त राशन देना मोदी सरकार का बेहतर कदम है। यह दुनिया का पहला देश है जहां के शीर्ष नेतृत्व ने ऐसा सराहनीय कदम उठाया है। आज पूरी दुनिया में लोग भारत की सराहना कर रहे हैं। शीर्ष नेतृत्व की मजबूत इच्छा शक्ति ने दुनिया के तमाम देशों में भारत की साख को बढ़ाया है। इस पर देश के लोगों को गर्व होना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए हर व्यक्ति को सावधानी बरतनी होगी। हमें अपने हाथों को बार-बार धोने की जरूरत है। मास्क लगाकर ही घर से निकलने की आवश्यकता है। जब भी घर से निकले तो फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन जरूर करें।