वातावरण की नमी बढ़ाएगा कोहरा
गोरखपुर: गर्मी और ठंड के बीच का संक्रमण काल होने के चलते मौसम के मिजाज में हर रोज बद
गोरखपुर: गर्मी और ठंड के बीच का संक्रमण काल होने के चलते मौसम के मिजाज में हर रोज बदलाव देखने को मिल रहा है। सप्ताह भर पहले तापमान के अचानक गिरने के बाद दो दिन पहले यह फिर से चढ़ने लगा तो लगा कि ठंड के पूरी तरह आने में वक्त है, लेकिन बदले परिदृश्य में मंगलवार को तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञ इसकी वजह हवाओं की रफ्तार में आई कमी और वातावरण की बढ़ी नमी बता रहे हैं। बदले माहौल में कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
जलवायु विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान पश्चिम से आने वाली हवाओं की गति में कमी आई है। यह हवाएं पिछले सप्ताह के मुकाबले आधी गति से चल रही है। हवाओं की दिशा में भी बदलाव आ रहा है। धीरे-धीरे यह दक्षिण-पूर्व की ओर स्थानांतरित हो रही हैं। इसका नतीजा यह है कि वातावरण में नमी बढ़ गई है। मंगलवार को वातावरण में अधिकतम आद्रता 88 फीसद रिकार्ड की गई। आद्रता के प्रतिशत का आंकड़ा कोहरा बढ़ाने में सहायक होगा। इससे तापमान में गिरावट होने की संभावना है, जिसका सिलसिला शुरू हो चुका है।
पिछले सप्ताह 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया न्यूनतम तापमान बढ़कर सोमवार को 10.6 डिग्री तक पहुंच गया और अब फिर महज 24 घंटे में एक डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जलवायु विशेषज्ञ के मुताबिक बुधवार को तापमान में एक डिग्री की और गिरावट होने का पूर्वानुमान है।