ट्रक की ठोकर से फिराक गोरखपुरी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त Gorakhpur News
सुबह कंटेनर लदा एक ट्रक फिराक चौराहे पर फंस गया। ट्रक को पीछे करते ही गुंबद के पिलर से पिछला हिस्सा टकरा गया। इससे गुंबद टूटकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करते हुए जमीन पर गिर गया।
गोरखपुर, जेएनएन। शहर के दाऊदपुर के पास खैराहे पर लगी रघुपति सहाय गोरखपुरी (फिराक गोरखपुरी) की प्रतिमा ट्रक की ठोकर से क्षतिग्रस्त हो गई है। प्रतिमा के ऊपर बना गुंबद टूटकर गिर गया है। ठोकर मारने वाले ट्रक के ड्राइवर को कैंट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
फिराक चौराहे पर कंटनेटर लदा ट्रक फंसा
गुरुवार की सुबह कंटेनर लदा एक ट्रक फिराक चौराहे पर फंस गया। ड्राइवर ने ट्रक मोड़ने का प्रयास किया तो वह नहीं मुड़ पाया। उसके बाद उसने ट्रक को पीछे किया तो प्रतिमा के ऊपर बने गुंबद के पिलर से पिछला हिस्सा टकरा गया। इससे गुंबद टूटकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करते हुए जमीन पर गिर गया।
जीडीए ने कराया था निर्माण
रघुपति सहाय गोरखपुरी की प्रतिमा का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने कराया था। प्रतिमा का निर्माण होने के बाद इसकी देखरेख की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंप दी गई। तभी से नगर निगम प्रतिमा की देख-रेख करते आ रहा है।
राजनाथ सिंह ने किया था प्रतिमा का अनावरण
शायर ए आजम के नाम से मशहूर फिराक गोरखपुरी की प्रतिमा का अनावरण 27 दिसंबर 1998 को तत्कालीन राज्य सभा सदस्य व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने दाउदपुर में किया था। इसके बाद इस चौराहे का नाम फिराक गोरखपुरी चौराहा रख दिया गया था। अनावरण के समय भव्य समारोह हुआ था। भाजपा समेत शहर के तमाम गणमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद रहे। शहर के लोगों को इससे ज्यादा खुशी हुई कि उक्त चौराहे का नाम फिराक चौराहा रख दिया गया।
चित्रगुप्त मंदिर सभा ने कराया था सुंदरीकरण
फिराक गोरखपुरी की प्रतिमा पहले खुले में रहती थी। इससे प्रतिमा पर धूल जमा हो जाया करता था। कुछ साल पहले चित्रगुप्त मंदिर सभा गोरखपुर ने प्रतिमा के ऊपर गुंबद का निर्माण कराते हुए चारों तरफ सुंदरीकरण कराया था। उसके बाद से चित्रगुप्त मंदिर सभा की तरफ से प्रतिमा की समय-समय पर सफाई होती रहती थी। फिराक गोरखपुर की जयंती और उनकी पुण्यतिथि पर भी चित्रगुप्त मंदिर सभा की तरफ से समारोह का अयोजन होता रहता है।